प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान के अमेठी दौरे से अटकलबाजी शुरू

प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान के अमेठी दौरे से अटकलबाजी शुरू

प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा अपने दोस्त संग अमेठी में एक ग्रामीण के घर भोजन करते हुए

अमेठी :

अपने मामा और अमेठी से सांसद राहुल गांधी के कदमों पर चलते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान ने अमेठी का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव वालों के साथ बातचीत की और खाना भी खाया। रेहान के अमेठी दौरे को लेकर सियासी अटकलबाजी का दौर शुरू हो गया है।
 
रेहान ने अपने मामा के हाई प्रोफाइल संसदीय क्षेत्र में गांवों का रुख किया और अमेठी के गौरीगंज के पांडेय का पुरवा गांव में स्वयं सहायता समूह से जुड़े लोगों के साथ समय बिताया और गांव-गरीब की बातें समझने की कोशिश की। इस दौरान उनके साथ उनके दो मित्र भी थे।
 
हालांकि रेहान के इस दौरे के बारे में ना तो प्रशासन और ना ही कांग्रेस का कोई पदाधिकारी कुछ भी बताने को तैयार है।
 
राजीव गांधी महिला विकास परियोजना से जुड़े नीलेश जैन और के एस यादव के साथ रेहान और उनके मित्र मंगलवार की रात को गौरीगंज में प्रभावती तथा रामकृपाल पांडेय के घर गए। स्वयंसहायता समूह की सदस्य सीमा पाण्डेय ने यह जानकारी दी।
 
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि रेहान ने एक गांव वालों के यहां दाल रोटी, सब्जी खाई और ग्रामीण जीवनशैली समेत विभिन्न मुद्दों पर गांववालों के साथ बातचीत की। उन्होंने चारपाई पर बैठकर खाना खाया और रात में मच्छरदानी लगाकर साधारण बिस्तरों पर सोए। बाद में वो मुंशीगंज में संजय गांधी अस्पताल के गेस्ट हाउस में गए और वहां लोगों से मुलाकात की।
 
आमतौर पर गांधी-नेहरू परिवार के सदस्य अमेठी आने पर इसी गेस्ट हाउस में रहते हैं। इसके बाद रेहान अमेठी से रवाना हो गए।
 
पहले भी अपनी मां प्रियंका, मामा राहुल और नानी सोनिया गांधी की उंगली पकड़कर नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ अमेठी और रायबरेली आ चुके रेहान का यह दौरा भविष्य में उन्हें सियासत की दुनिया में दाखिल कराने की योजना के तौर पर भी देखा जा रहा है।
 
एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा, 'यह दौरा दिखाता है कि अमेठी उनके लिए महत्वपूर्ण है और परिवार का यहां के लोगों के साथ भावनात्मक रिश्ता है।'


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com