वीएचपी के जमशेदपुर बंद से गड़बड़ी वाले मानगो में जनजीवन प्रभावित

वीएचपी के जमशेदपुर बंद से गड़बड़ी वाले मानगो में जनजीवन प्रभावित

जमशेदपुर:

झारखंड के जमशेदपुर में विश्‍व हिंदू परिषद (विहिप) की ओर से आहूत बंद से मंगलवार को मानगो क्षेत्र में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ जहां एक छेड़खानी की घटना को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प के बाद धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी गई है।

पुलिस ने बताया कि बंद समर्थकों ने सोमवार रात हुई छेड़खानी की घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क बाधित किया और बीच सड़क पर टायर जलाये जिससे घंटों तक यातायात बाधित हुआ।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों समुदायों के छोटे-छोटे समूह विभिन्न स्थानों पर एकत्रित हुए लेकिन पुलिस ने उन्हें नजदीक आने से रोक दिया। अधिकारी ने बताया कि जिले के वरिष्ठ अधिकारी गड़बड़ी वाले मानगो क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। ऐसी सूचना थी कि पुलिस ने समूहों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हवा में गोलियां चलाईं लेकिन इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।

कोल्हन मंडल के आयुक्त अरुण ने कहा कि स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किये गए हैं। उन्होंने कहा, ‘हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि स्थिति के लिए जिम्मेदार किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। जमशेदपुर में सभी दुकानें एवं बाजार बंद हैं क्योंकि मंगलवार को साप्ताहिक बंदी होती है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सोमवार रात छेड़खानी की घटना के बाद दोनों समुदाय के लोगों के बीच पथराव हुआ और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में एक उपाधीक्षक और एक निरीक्षक सहित कई लोग घायल हो गए। जिला प्रशासन ने झड़प के बाद धारा 144 लगा दी। इसी तरह की छेड़खानी की एक घटना क्षेत्र में दो दिन पहले भी हुई थी।