यह ख़बर 11 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

शिंदे के आवास पर प्रदर्शन, 142 लोग गिरफ्तार, 13 पुलिसकर्मी सस्पेंड

खास बातें

  • जाट समुदाय को आरक्षण की मांग को लेकर करीब 150 प्रदर्शनकारी केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के आवास में घुस गए थे।
नई दिल्ली:

जाट समुदाय को आरक्षण की मांग को लेकर करीब 150 प्रदर्शनकारी बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के आवास में घुस गए, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

पुलिस ने 142 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करके उन पर दंगा और अनधिकृत तरीके से किसी के घर में प्रवेश करने का मामला दर्ज किया। घटना के समय शिंदे घर पर नहीं थे। वह रूस की आधिकारिक यात्रा पर गए हुए हैं।

अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के तत्वाधान में प्रदर्शनकारी प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर पर एकत्रित हुए थे और शाम को तीन बसों में भरकर 2, कृष्णा मेनन मार्ग स्थित शिंदे के आवास पर पहुंच गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस को संभवत: प्रदर्शनकारियों के इरादे की कोई भनक नहीं थी। पुलिस उस समय हैरान रह गई, जब प्रदर्शनकारी गृहमंत्री के आवास के सामने बसों से उतरे। प्रदर्शनकारियों ने शिंदे के आवास में घुसने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षाकर्मी शुरुआत में उन्हें रोकने में कामयाब रहे। हालांकि उन्होंने दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर उसे खोल लिया और परिसर में पहुंचकर धरना शुरू कर दिया।