यह ख़बर 07 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बारिश से भीगा उत्तर भारत, तापमान में गिरावट

खास बातें

  • हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शनिवार को हल्की तो कहीं भारी बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
नई दिल्ली:

हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में शनिवार को हल्की तो कहीं भारी बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों तक भारी बारिश की सम्भावना है।

दिल्ली में शुक्रवार शाम हुई मानसून पूर्व बारिश से लोगों ने काफी राहत महसूस की। बारिश के कारण शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23.3 डिग्री सेल्सियस था जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 30.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "बीते आठ घंटों में राजधानी में 40.1 मिमी. वर्षा दर्ज की गई है। मानसून अंतत: शनिवार को दिल्ली पहुंच गया।"

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने कहा, "रविवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 डिग्री एवं 24 डिग्री रहने की उम्मीद है।" भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो जाने से व्यस्त अवधि के दौरान लोगों को यातायात जाम की समस्या से भी दो-चार होना पड़ा है।

शुक्रवार को हुई मानसून की पहली बारिश की वजह से शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 38.4 डिग्री सेल्सियस हो गया था। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर मानसून के राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की उम्मीद जताई है।

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक राज्य के पूर्वी हिस्से में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अब अच्छी बारिश की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जबकि लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी बारिश हो रही है।

गुप्ता ने कहा कि अगले तीन-चार दिनों तक ऐसी ही स्थिति बरकार रहेगी। रुक-रुक कर बारिश होते रहने की उम्मीद है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार के करीब सभी क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक शनिवार सुबह पटना का तापमान 26़ 0 डिग्री सेल्सियस था जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान 74 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि गया में 2़ 8 मिलीमीटर और भागलपुर में 13 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक एके सेन ने बताया कि अभी दो दिनों तक बिहार के कई हिस्सों में जोरदार और हल्की बारिश होने की सम्भावना है।

पिछले दो दिनों से हिमाचल प्रदेश में भी भारी वर्षा जारी है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक राज्य में अगले कुछ दिनों में मध्यम से भारी वर्षा होने की सम्भावना है।

शनिवार को शिमला में 13.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जबकि शहर का अधिकतम तापमान  26.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पंजाब एवं हरियाणा में भी बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई।