दिग्विजय सिंह की राजनाथ को ललकार, 'यदि बचा है क्षत्रिय अभिमान तो दें इस्तीफा'

दिग्विजय सिंह की राजनाथ को ललकार, 'यदि बचा है क्षत्रिय अभिमान तो दें इस्तीफा'

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मोदी सरकार में 'दया के पात्र' हैं, क्योंकि पीएमओ सरकार चलाता है और कोई महत्वपूर्ण फाइल उनके पास नहीं जाती। अगर उनमें कोई 'क्षत्रिय अभिमान' बचा है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने पार्टी ब्रीफिंग में संवाददाताओं से कहा, पूरी सरकार पीएमओ के जरिये चल रही है और राजनाथ सिंह दया के पात्र हैं। न तो कोई (महत्वपूर्ण) फाइल उनके पास जाती है और न ही वह मंत्रिमंडल की नियुक्ति संबंधी समिति में कोई फैसला करते हैं। दिग्विजय ने कहा, उनके क्षत्रिय अभिमान का क्या हुआ। अगर यह है तो अपमान सहने के बजाय उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने साथ ही कहा कि अगर वह राजनाथ सिंह की जगह होते तो बहुत पहले सरकार से हट जाते।

कांग्रेस नेता ने गृह मंत्री पर निशाना साधने के लिए मोदी सरकार के कामकाज को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण शौरी की आलोचनाओं का सहारा लिया। दिग्विजय ने दावा किया कि राजनाथ सिंह को छोटा राजन की इंडोनेशिया में हुई गिरफ्तारी के बारे में भी पता नहीं था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को जिस तरह निपटाया गया है, उससे यह संदेह पैदा होता है कि यह आत्मसमर्पण था। उन्होंने दावा किया, ऐसा लगता है कि किसी तरह की आपसी समझ बनी होगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी ने शौरी की आलोचनाओं को सही संदर्भ में लेने की बजाय उन्हें निशाना बनाते हुए कहा है कि सांसद या मंत्री नहीं बनने के कारण पूर्व मंत्री अपना गुस्सा निकाल रहे हैं।