यह ख़बर 12 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

राधिका हत्याकांड : आरोपी 4 दिन की पुलिस हिरासत में

खास बातें

  • राधिका तंवर के कथित हत्यारे राम सिंह उर्फ विजय को दिल्ली की एक अदालत ने चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
नई दिल्ली:

दिल्ली विश्वविद्यालय की स्नातक (द्वितीय वर्ष) की छात्रा राधिका तंवर के कथित हत्यारे राम सिंह उर्फ विजय को दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उसे शुक्रवार को मुम्बई में गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को दिल्ली लाया गया। आरोपी को द्वारका की जिला अदालत में पेश किया गया। इससे पहले दिल्ली के पुलिस आयुक्त बीके गुप्ता ने कहा, "उसे विमान से दिल्ली लाया गया। शनिवार की सुबह सिंह के दोस्त शेखू के पिलंजी गांव (दक्षिणी दिल्ली) स्थित घर से .315 बोर की एक देसी पिस्तौल बरामद की गई।" राम सिंह पर रामलाल आनंद कॉलेज में स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा राधिका की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। दक्षिणी दिल्ली स्थित उसके कालेज के निकट फुट ओवरब्रिज पर आठ मार्च को उस पर गोली चलाई गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी मनोरोगी है। वह राधिका के प्रति आसक्त था और उसने कई बार उसका पीछा किया था। गुप्ता ने कहा कि पांच मार्च को राधिका का राम सिंह से सामना हुआ था। राधिका ने उसे तमाचा मारा था। यह घटना उसे गोली मारे जाने से तीन दिन पूर्व उसी फुट ओवरब्रिज पर हुई थी।  गौरतलब है कि राधिका नारायणा इलाके की रहने वाली थी, जबकि सिंह उत्तर प्रदेश के सीतापुर का निवासी है। वह राधिका के घर के पास स्थित एक इकाई में काम करता था, जिसमें कपड़े पर कढ़ाई की जाती है।  पुलिस ने बताया कि साढ़े तीन साल पहले राधिका का पीछा करने के कारण स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर राम सिंह की पिटाई की थी। वह तभी से राधिका की हत्या कर अपने अपमान का बदला लेने की सोचने लगा था। दिल्ली पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी राम सिंह को उत्तर-पूर्वी मुम्बई के उपनगर विखरोली के टैगोर नगर इलाके से शुक्रवार रात 11 बजे गिरफ्तार किया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com