रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से कहा, बदलें दफ्तरों का समय

रेलमंत्री सुरेश प्रभु की फाइल तस्वीर

नई दिल्ली:

मुंबई की लोकल ट्रेनों में बरकरार भीड़ को कम करने के लिए केन्द्रीय रेलमंत्री ने नायाब तरीका सुझाया है। रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुंबई में मुलाक़ात कर कहा कि, शहर के दफ़्तरों का समय बदला जाए। प्रभु यह बदलाव निज़ी और सरकारी दफ़्तरों के समय में होते हुए देखना चाहते हैं। प्रभु का तर्क है कि इससे रेल यात्रियों को ही फ़ायदा होगा।
 

मुंबई में मध्य, पश्चिम, और हार्बर यह तीन रूट पर लोकल सेवा चलती है। सरकारी अनुमान के मुताबिक हर दिन 80 लाख यात्री इस सेवा का इस्तेमाल करते हैं। सुबह 8 से 11 और शाम 6 से रात 9 बजे तक का समय सबसे भीड़ भरा समय होता है। तब दफ़्तरों में जाने और लौटने की भीड़ लोकल ट्रेन से चलती है। जिससे मुंबई कि लाइफ़लाइन कही जानेवाली लोकल में मुसाफ़िरों को सांस लेने तक की जगह नहीं होती।
 रेलमंत्री के सुझाव के तहत मुंबई को तीन अलग-अलग टाइम ज़ोन में बांटना होगा। जिसमें दक्षिण, मध्य और उत्तर ऐसे तीन टाइम ज़ोन होंगे। हर टाइम ज़ोन दूसरे से 2 घंटे देरी से शुरू होगा। जिससे दफ़्तर जानेवाले कर्मचारीयों की भीड़ एक ही समय शहर में रेल सेवा का इस्तेमाल नहीं करेगी।
 
रेल विभाग और महाराष्ट्र सरकार के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए रेलमंत्री प्रभु मुंबई के दौरे पर हैं। इसी तहत मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के साथ उन्होंने मुलाक़ात कर अपने कई सुझाव रखे। उनमें से दफ़्तर का समय बदलने का प्रस्ताव प्रमुख रहा।
 


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com