उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी, यूपी में 14 जनवरी तक सारे स्कूल बंद

नई दिल्ली:

उत्तर भारत में आज भी कड़ाके की ठंड जारी रही। कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे की वजह से रेल और हवाई यातायात प्रभावित रहा। उत्तर प्रदेश में बाहरवीं तक के स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं उत्तर रेलवे के अधिकारियों के अनुसार धुंध के कारण उत्तर की ओर जाने वाली 51 रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं। दृश्यता का स्तर 800 मीटर से कम रहा।

इस बीच, उत्तर प्रदेश तेज शीतलहर की चपेट में है। जालौन में धुंध के कारण कम दृश्यता की वजह से एक बाइक की ट्रक से हुई टक्कर में दो छात्रों की जान चली गई। राजधानी लखनऊ राज्य में सबसे ठंडी रही जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

ठंड को देखते हुए उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव (माध्यमिक शिक्षा) जीतेंद्र कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने कक्षा बाहरवीं तक के विद्यालयों और कॉलेजों को 14 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। कल राज्य सरकार ने कक्षा आठवीं तक के विद्यालय ही बंद रखने का आदेश दिया था।

हिमाचल प्रदेश में तेज शीत लहर का प्रकोप जारी है, लेकिन राजधानी शिमला में रात सबसे गर्म रही और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पालमपुर, धर्मशाला और सोलन में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.7, 6.0 और 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

चंडीगढ़ में घना कोहरा छाया रहा और पंजाब, हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर बना रहा, लेकिन अधिकतम तापमान में आठ डिग्री तक की गिरावट देखी गई। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस, हिसार में 5.4 डिग्री सेल्सियस, करनाल में सात डिग्री सेल्सियस, नारनौल में 4.5 डिग्री सेल्सियस और भिवानी में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 7.6 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू-कश्मीर में शीतलहर जारी है और मौसम ठंडा बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार क्षेत्र में कल से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखाई देगा, जिससे राज्य में बारिश होने की संभावना है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

करगिल में सबसे कम न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में सबसे ठंडे इलाके चुरू और गंगानगर रहे।