यह ख़बर 19 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, धुंध के कारण परेशानी बढ़ी

नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कहीं कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो कहीं लोग इस मौसम में भी फुटपाथ पर सोने को मजबूर हैं।

कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड होने के साथ उत्तर भारत में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। दिल्ली में लगातार तापमान में गिरावट आ रही है और इसके साथ ही कोहरा और धुंध भी बढ़ गया है।

कल देर रात से दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। इसका असर यातायात पर दिखा। लोगों को गाड़ी चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आने वाले दिनों में तापमान में जैसे-जैसे कमी आएगी, कोहरा और घना होगा और लोगों को इससे दिक्कत हो सकती है।

एक तरफ जहां देश के हर राज्य में एम्स अस्पताल बनाने की योजना बन रही है, वहीं दूसरी तरफ राजधानी दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर मरीज और उनके रिश्तेदार कड़ाके की ठंड में रात गुजारने को मजबूर हैं। इन लोगों का आरोप है कि एम्स के सिक्योरिटी गार्ड और स्टाफ उन्हें अंदर रहने नहीं देते।

वहीं अमृतसर में भी घने कोहरे की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रक और बस चालकों का कहना है कोहरे की वजह से उन्हें सड़कों पर काफी धीमी रफ्तार से गाड़ियां चलानी पड़ रही हैं। पिछले कुछ दिनों से यहां तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है और घना कोहरा छाया हुआ है।

भोपाल में भी तापमान में गिरावट के साथ ठंड काफी बढ़ गई है। यहां का तपामान 7-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। ऐसे में फुटपाथ पर रहने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोग सरकारी अस्पताल के बाहर लोग ठंड में रहने को मजबूर हैं, जो रैनबसेरे हैं वहां पर्याप्त जगह नहीं है।

उत्तर प्रदेश में पारे के और नीचे जाने के साथ कुछ जगहों पर कोहरा छाया रहा। गुरुवार को मुजफ्फरनगर एवं आगरा दोनों ही जगहों पर न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी बीच, जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र के लेह एवं करगिल में मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। शून्य से 14.6 डिग्री सेल्सियस कम के न्यूनतम तापमान के साथ लेह राज्य में सबसे ठंडी जगह रहा, जबकि करगिल में यह शून्य से 14.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

(कुछ अंश भाषा से भी)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com