यह ख़बर 27 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

राजनीतिज्ञों का मजाक न उड़ाएं : शरद यादव

खास बातें

  • जनता दल-युनाइटेड के नेता शरद यादव ने गांधीवादी अन्ना हजारे के सहयोगियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वे अपनी वाणी को नियंत्रित रखें।
नई दिल्ली:

जनता दल-युनाइटेड (जद-यू) के नेता शरद यादव ने शनिवार को गांधीवादी अन्ना हजारे के सहयोगियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वे अपनी वाणी को नियंत्रित रखें। उन्होंने कहा कि राजनीतिज्ञों का मजाक उड़ाने पर उन्हें बदले की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। लोकसभा में लोकपाल विधेयक पर हो रही चर्चा में भाग लेते हुए यादव ने रामलीला मैदान में शुक्रवार को किरण बेदी और अभिनेता ओम पुरी के भाषणों में की गई टिप्पणियों का उल्लेख किया। बिना बेदी या पुरी के नाम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीतिज्ञों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, "हमने पूरा जीवन सड़कों पर बिताया है। आप हमें क्या सिखाएंगे .. संसद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कई विधेयक पारित किए हैं।" उन्होंने कहा, "आप अपनी भाषा सभ्य रखें, हम अपनी भाषा सभ्य रखेंगे।" उन्होंने रामलीला मैदान पहुंचने वाले लोगों पर टिप्पणी करते हुए कहा, "वे इंडिया गेट पर गोलगप्पे खाते हैं। अपने कुत्ते घुमाते हैं और फिर कहते हैं कि चलो रामलीला मैदान चलते हैं।" यादव ने कहा कि संसद द्वारा बनाए गए कानूनों के कारण ही पुणे का व्यवसायी हसन अली और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. राजा जेल में बंद हैं। यादव ने कहा कि संसद में ऐसे कई लोग हैं जो जमीनी स्तर पर संघर्ष कर यहां पहुंचे हैं, लेकिन ऐसे कुछ ही लोग हैं, जिनके पिता या माता नेता थे। उन्होंने कहा, "देश संसद के द्वारा चलाया जा रहा है. यहां लोग जानते हैं कि कृषि भूमि क्या होती है और लोगों का दर्द क्या होता है और आप वातानुकूलित कमरों में बैठकर हमें नसीहत दे रहे हैं।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com