सोनिया पहुंची रायबरेली, किसानों और ट्रेन हादसे के शिकार लोगों को सांत्वना दी

रायबरेली:

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। उन्होंने रायबरेली पहुंचकर हाल में हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की बर्बाद हुई फसल और बछरावा में हुए ट्रेन हादसे के शिकार लोगों को सांत्वना दी। उन्होंने लोगों का हालचाल पूछा और उन्हें हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

सांसद सोनिया गांधी शनिवार सुबह यहां पहुंचने के बाद सीधे बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान की जानकारी लेने के लिए पचवर गांव पहुंची और किसानों की समस्याओं को सुना। किसानों ने बताया कि उनकी पूरी फसल नष्ट हो गई है और अभी तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी सर्वे करने तक नहीं आया है।

सोनिया गांधी ने बन्दीपुर और शिवपुरी गांव भी जाकर किसानों से उनकी फसल को हुए नुकसान के बारे में जानकारी हासिल की। यहां किसानों ने सोनिया को खेतों में नष्ट हुई फसल भी दिखायी और कहा कि वह इस दैवी आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और उनकी गेहूं और सरसों की सारी फसल नष्ट हो गई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

किसानों ने सोनिया गांधी से यह भी शिकायत की कि यहां लगे हुए ट्रयूबबेलों में पानी न आने से भी उनको बहुत परेशानी हो रही है और शासन-प्रशासन द्वारा न तो कोई सहयोग किया जा रहा है और न ही उनकी समस्याओं को सुना जा रहा है।