यह ख़बर 07 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

जब यूपी की अपराध दर के सवाल पर फंस गईं डिंपल यादव

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

लोकसभा में आज समाजवादी पार्टी की सदस्य और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू डिंपल यादव के समक्ष बड़ी असहज स्थिति पैदा हो गई, जब किसी दूसरे सदस्य ने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की दर पर उनसे सवाल पूछ लिया।

लोकसभा में नियम 193 के तहत देश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों को रोकने के लिए कठोर कानून बनाने की जरूरत पर चर्चा हो रही थी।

चर्चा में हिस्सा लेने के दौरान सपा सदस्य डिंपल यादव ने जब मध्य प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के संबंध में आंकड़ा दिया, तो भाजपा की एक महिला सदस्य ने टिप्पणी की कि उत्तर प्रदेश के बारे में भी बताइए।

उनके इस सवाल पर डिंपल थोड़ी देर के लिए रुकीं, लेकिन उन्होंने तुरंत हालात को संभालते हुए भाजपा सदस्य से कहा कि वह आसन को संबोधित कर रही हैं, उन्हें नहीं।

इसी बीच उनके बगल वाली सीट पर बैठे उन्हीं की पार्टी के सदस्य और रिश्ते में उनके देवर धर्मेन्द्र यादव उनके बचाव में कुछ बोलने को खड़े हुए तो पीठासीन सभापति ने कहा कि उनको (डिंपल) वकील नहीं चाहिए। आप बैठ जाइए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जब वह अपनी बात कह चुकीं तो भाजपा के अनुराग ठाकुर ने चुटकी लेते हुए कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह) खुश हो गए होंगे, इस पर डिंपल ने कहा कि नेता जी तो वैसे ही खुश हैं। बोलने से भी खुश हैं।