यह ख़बर 08 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस पार्टी में अहम पद संभालने की अटकलों को खारिज किया

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

कांग्रेस पार्टी में महत्वपूर्ण पद संभालने को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए प्रियंका गांधी ने आज इसे बेबुनियाद अफवाह करार दिया।

प्रियंका ने यहां जारी एक बयान में कहा, कांग्रेस पार्टी में मेरे विभिन्न पद संभालने के बारे में लगातार लगाई जा रहीं अटकलें और जिस तरीके से यह मुद्दा उठाया गया वह सही नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैं सभी संबंधित लोगों के प्रति बहुत आभारी रहूंगी अगर वे इस तरह की बेबुनियाद अफवाहों को हवा देने से बचते हैं।'

प्रियंका का यह बयान उन अटकलों को खत्म करने का प्रयास है जिसमें कहा जा रहा था कि प्रियंका औपचारिक रूप से कांग्रेस महासचिव का पद या उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख का पद संभाल सकती हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता शोभा ओझा ने कल कहा था कि पार्टी चाहती है कि गांधी परिवार के सभी तीनों सदस्य नेतृत्व की भूमिका संभालें। उन्होंने संवाददाताओं से कहा था 'देशभर में हर कोई चाहता है कि गांधी परिवार के सभी सदस्यों को राजनीति में आना चाहिए। हम चाहते हैं कि तीनों पार्टी की कमान संभालें।'