यह ख़बर 17 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

दतिया गैंगरेप : छह आरोपी गिरफ्तार, मंत्री बोले- नियम पालन नहीं करते विदेशी

खास बातें

  • एक विदेशी महिला पर्यटक से सामूहिक बलात्कार मामले में पुलिस ने देर रात तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दतिया:

एक विदेशी महिला पर्यटक से सामूहिक बलात्कार मामले में पुलिस ने देर रात तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके पूर्व शाम तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जबकि छठवें आरोपी को रात में टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया गया।

ग्वालियर चंबल रेंज के महानिरीक्षक एसएम अफजल ने बताया, ‘विदेशी महिला से सामूहिक बलात्कार के मामले के छठवें आरोपी नितिन कंजर को टीकमगढ़ जिले के निवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया है।’ इसके पूर्व उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) डीके आर्य ने बताया था कि स्विस महिला से सामूहिक बलात्कार मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से उसका लैपटॉप और मोबाइल भी बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तर किए गए आरोपियों के नाम बाबा, भुतहा, रामप्रो, गजा उर्फ ब्रजेश, विष्णु कंजर, एवं नितिन कंजर हैं।

उल्लेखनीय है कि स्विट्जरलैंड का एक दंपति साइकिल से भारत भ्रमण पर निकला था और ओरछा भ्रमण के बाद शनिवार की रात जब ये पति-पत्नी साइकिल से आगरा जा रहे थे, तभी सेवड़ा के निकट झारिया गांव से पहले रात हो गई। दोनों ने जंगल में ही शिविर लगाकर रात बिताने का निश्चय किया। ये लोग टेन्ट लगा ही रहे थे, तभी लगभग सात हथियारबंद अज्ञात लोग वहां पहुंचे और बंदूक की नोंक पर पति को बंधक बनाने के बाद उसके सामने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया तथा 10 हजार रुपये, लैपटॉप एवं मोबाइल लूटकर भाग गए।

इस घटना के संबंध में पुलिस ने लगभग 20 लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया था और उनसे पूछताछ की गई थी।

उधर, पीड़ित 39 वर्षीय विदेशी महिला को इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दूसरी ओर, मध्य प्रदेश के गृह मंत्री उमा शंकर गुप्ता ने स्विस महिला पर्यटक से बलात्कार की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। लेकिन साथ ही दावा किया कि विदेशी पर्यटक अपनी आवाजाही के बारे में स्थानीय पुलिस को सूचित करने संबन्धी नियम का पालन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, ‘जो कुछ हुआ, वह हमारे देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जब विदेशी पर्यटक आते हैं तब उन्हें पुलिस अधीक्षक को अपने कार्यक्रम की जानकारी देनी चाहिए। यह नियम है लेकिन इसका पालन नहीं किया जाता है।’