यह ख़बर 13 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

स्वच्छ भारत अभियान से जुड़े लोग ही जहर फैला रहे हैं : राहुल गांधी

नई दिल्ली:

देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की 125वीं जयंती के मौके पर दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जहां एक ओर फोटो खिंचवाने के लिए देश में सफाई अभियान जारी है, वहीं दूसरी ओर नेताओें की ओर से देश की नींव में जहर फैलाने का काम हो रहा है।

उन्होंने जोड़ा कि जहर फैलाने वाले लोगों से केवल एक ही संगठन लड़ सकता है और वह कांग्रेस है। राहुल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में आज तक जो भी काम हुए हैं, भले ही वह मंगलयान हो या विधानसभाओं का गठन उनकी बुनियाद प्यार और भाईचारा ही रहा है।

राहुल ने कहा कि देश को गुस्सा करने वाले चला रहे हैं और कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है, जो देश को प्यार और भाईचारे के साथ आगे ले जा सकती है। यह एकमात्र देश है, जिसने प्यार से आजादी की लड़ाई जीती। आज देश को ऐसे लोग चला रहे हैं, जो गुस्सा करने वाले हैं।

उन्होंने कहा, इस देश ने 60-70 वर्षों में जो कुछ भी किया है, इसका आधार सिर्फ प्यार और भाईचारा रहा है। यह संगठन इस विचाराधार पर बना है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, आज, हमें और हमारे देश को बांटने की कोशिश की जा रही है। सिर्फ कांग्रेस इन जैसे लोगों से लड़ सकती है, क्योंकि यह संगठन प्यार और भाईचारे के लिए है।

गांधी ने इस बात को स्वीकार किया कि पार्टी से कुछ गलतियां हुई हैं, लेकिन कांग्रेस कभी भी अपनी विचारधारा से अलग नहीं हुई। उन्होंने कहा कि एकबार फिर इस देश को कांग्रेस आगे लेकर जाएगी।

नेहरू की विरासत को पुनर्जीवित करने और इसके संदेश को जनता तक लेने के लिए उत्सुक कांग्रेस उनकी 125वीं जयंती के अवसर पर 17-18 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कांग्रेस ने हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आमंत्रित नहीं किया है। यह सम्मेलन दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा।

(इनपुट्स आईएएनएस से भी)