जो रावण जैसा बर्ताव करते हैं, वो खुद को बर्बाद करते हैं : विवादित 'धर्मगुरु' राधे मां

जो रावण जैसा बर्ताव करते हैं, वो खुद को बर्बाद करते हैं : विवादित 'धर्मगुरु' राधे मां

मुंबई:

वह भले ही दहेज उत्पीड़न से लेकर नकली गुरु होने के विवादों में घिरी हों, लेकिन इससे स्वयंभू धर्मगुरु राधे मां के हौसले कम होते नहीं दिख रहे हैं।

मुंबई से औरंगाबाद की एक फ्लाइट में बैठीं राधे मां ने एनडीटीवी से कहा, मुझे किसी से कोई शिकायत नहीं है। जो रावण जैसा व्यवहार करते हैं, वो खुद अपने आपको बर्बाद करते हैं।

उन्होंने कहा, सत्यमेव जयते। शिव सत्य है और सत्य सुंदर है। अगर कोई व्यक्ति अपने आपको समाज सेवा के लिए समर्पित कर देता है, तो ईश्वर उसकी जीत सुनिश्चित करते हैं।

32-साल की एक महिला ने आरोप लगाया है कि राधे मां ने उसके ससुराल वालों को (जो राधे मां के अनुयायी हैं) दहेज मांगने के लिए उकसाया। राधे मां के खिलाफ आईपीसी की धारा 498ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई की एक वकील फाल्गुनी ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया है कि सुखविंदर कौर जो राधे मां के नाम से जानी जाती हैं, एक धोखेबाज महिला हैं, जो मासूम लोगों को फंसाकर उन्हें मूर्ख बनाती है। फाल्गुनी ने राधे मां के खिलाफ अश्लीलता फैलाने की शिकायत भी दर्ज कराई है।

राधे मां का कहना है कि ये सभी आरोप झूठे हैं और वह 'पवित्र' एवं 'धर्मनिष्ठ' हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने सभी अनुयायियों को उनके प्रति अगाध प्रेम दर्शाने के एवज में गले लगाती हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मुंबई पुलिस जल्द ही राधे मां से पूछताछ कर सकती है और इस संबंध में उन्हें समन भेजे जा चुके हैं।