यह ख़बर 18 अप्रैल, 2014 को प्रकाशित हुई थी

बाइक हादसे में जेएनयू के तीन छात्रों की मौत

नई दिल्ली:

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के तीन छात्रों की गुरुवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल यूनिवर्सिटी कैंपस में डिवाइडर के बाद एक पेड़ से टकरा गई।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के गया निवासी रवि सिंह चौधरी और रवि शंकर गुप्ता के तौर पर हुई है। तीसरे लड़के की पहचान संतोष के तौर पर हुई है, जो रांची का रहने वाला था। तीनों की उम्र 20 साल के आसपास थी। सभी विश्वविद्यालय में एमए (कोरिया भाषा) में पढ़ रहे थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, बाइक चलाने वाले लड़के ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद पहले यह रोड डिवाइडर से और फिर एक पेड़ से टकरा गई। घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और दो को पुलिस ने सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने कहा कि एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com