यह ख़बर 18 अक्टूबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

वीएचपी की संकल्प रैली, छावनी में तब्दील हुई अयोध्या

अयोध्या:

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में विश्व हिन्दू परिषद आज संकल्प दिवस रैली निकालने जा रहा है। इस रैली को उत्तर प्रदेश सरकार पहले ही बैन कर चुकी है, जिसकी वीएचपी नेता अशोक सिंघल ने कड़ी आलोचना की है।

गोरखपुर के बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ को फैजाबाद−गोंडा बॉर्डर से हिरासत में ले लिया है। योगी आदित्यनाथ संकल्प दिवस रैली के लिए अयोध्या आ रहे थे।

वीएचपी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद फैजाबाद के डीएम ने कहा कि जो लोग भी उपद्रव करेंगे उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पहले भी कई गिरफ्तारियां हुई हैं और अब भी हो रही हैं।

हालात के मद्देनजर अयोध्या को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इससे पहले गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस रैली में शामिल होने जा रहे 340 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 42 नेताओं को उनके घर में नजरबंद कर दिया है।

यहां सुरक्षा के मद्देनज़र पांच एएसपी, 10 डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर, 50 एसआई, 10 महिला एसआई समेत 200 पुलिसवालों की तैनाती की गई है। यहां सरयू नदी के पुलिस की ओर जाने वाले रास्ते में बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही यहां के पुलिस लाइन में एक अस्थाई जेल बनाई गई है।

पुलिस के मुताबिक, विश्वहिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं को रैली में शामिल होने से रोकने के लिए करीब 2000 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गौरतलब है कि विश्व हिन्दू परिषद ने इस रैली का आयोजन राम मंदिर को बनाने के लिए एक आंदोलन की शुरुआत करने के लिए किया है।