यह ख़बर 20 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली में कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित

नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह कोहरा छाया रहा। कोहरे का सर्वाधिक असर रेलगाड़ियों के परिचालन पर पड़ा है। करीब 30 रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि भागलपुर से दिल्ली आने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस रेलगाड़ी 22 घंटे और अलीपुर दौर से दिल्ली आने वाली महानंदा एक्स्प्रेस 18 घंटों की देरी से चल रही है। वहीं सीमांचल एक्सप्रेस भी 18 घंटों की देरी से चल रही है।

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, सुबह के समय राजधानी में घना कोहरा रहा और आंशिक तौर पर बादल छाए रहे।

हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। सुबह 8.30 बजे वातावरण में 89 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। इससे पहले, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 16.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com