सुपर टाइफून सोडलर से चीन में नौ लोगों की मौत

सुपर टाइफून सोडलर से चीन में नौ लोगों की मौत

बीजिंग:

पूर्वी चीन में सुपर टाइफून सोडलर से नौ लोगों की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य लापता हैं। इस भीषण तूफान से पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।

भारी बारिश से भूस्खलन हुए जिससे कई मकान ढह गए और दो लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए। इसे साल का सबसे भीषण तूफान बताया जा रहा है। इसमें 230 किलोमीटर प्रति किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चली। बीती रात चीन के तटीय इलाके में भूस्खलन हुआ।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के मुताबिक झेचियांग प्रांत के वेनझोउ सिटी में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लापता हैं जो या तो पानी में बह गए होंगे या मकान ढहने से मलबे में दब गए होंगे।

ताईवान में इस तूफान से छह लोगों की जान गई और 102 लोग घायल हो गए। सोडलर से फुजियान प्रांत में भूस्खलन हुआ। यह तूफान वहां से पड़ोसी झेचियांग और च्यांगसी प्रातों की ओर बढ़ा तथा कमजोर हो गया।

कुल 2,21,900 लोग वेंझोउ में प्रभावित हुए जिससे 24.8 करोड़ युआन (चार करोड़ डॉलर) का आर्थिक नुकसान हुआ। अब तक 16 शहर और काउंटी में 250 एमएम बारिश हुई है। फुदिंग शहर में सर्वाधिक बारिश 501 मिमी से अधिक हुई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस तूफान की वजह से दस हजार से ज्यादा पेड़ गिर गए हैं और पानी से भरी सड़कों पर यातायात ठहर गया। प्रांतीय बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत कार्यालय के मुताबिक, बीती रात कुल 1,63,200 लोगों को निकाला गया। 20 लाख से अधिक परिवारों को बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। प्रांत में तीन हवाईअड्डे भी बंद हो गए। 530 से अधिक उड़ाने रद्द हो गई।