यह ख़बर 27 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

उप्र : भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ के विवादित वीडियो से गरमाया 'लव जेहाद' का मुद्दा

फाइल फोटो

लखनऊ:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता व गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ का एक विवादित वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश में 'लव जेहाद' का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। इस बीच जहां आदित्यनाथ ने इस वीडियो की प्रमाणिकता पर सवाल उठाया है, वहीं, दूसरी ओर विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा है।

समाचार चैनलों और सोशल साइट्स में चल रहे इस एक चौंकाने वाले वीडियो में आदित्यनाथ अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में वह यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि अगर मुस्लिम समुदाय के लोग एक हिन्दू लड़की को ले जाएंगे तो हम उनकी कम-से-कम 100 लड़कियों को ले आएंगे।

हालांकि कहा यह भी जा रहा है कि यह वीडियो करीब पांच साल पुराना है। फिलहाल इसको लेकर सियासत गरमा गई है।

वहीं, इस पूरे विवाद के बाद सांसद योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे पर वीडियो की प्रामाणिकता पर ही सवाल खड़े दिए हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रहे वीडियो की फोरेंसिक जांच होनी चाहिए।

समाचार चैनलों पर दिखाए जा रहे इस बयान के निहितार्थ पर आदित्यनाथ ने सफाई दी है। आदित्यनाथ ने कहा कि यदि किसी कारणवश हिंदुओं ने दूसरे धर्म में परिवर्तन कर लिया है और वह वापस आना चाहते हैं तो उनका स्वागत करना होगा। एक नहीं अगर 100 लोग भी वापस आते हैं तो उन्हें आत्मसात करना होगा।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि धोखे से हिंदुओं का धर्म परिवर्तन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिंदू समाज को अपनी मानसिकता बदलनी होगी।

इस पूरे मुद्दे पर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि इसमें आश्चर्य की कौन सी बात है। भाजपा का तो यही इतिहास रहा है। सांप्रदायिकता का सहारा लेकर वह सत्ता में आए हैं।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव डॉ. गिरीश ने कहा कि जिस प्रकार की आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग वीडियो में किया गया है, उसकी जांच राज्य सरकार को करानी चाहिए।

गिरीश ने कहा कि इस प्रकार के बयान से सांप्रदायिकता को बढ़ावा मिलेगा। वृंदावन में हुई भाजपा राज्य कार्यकारिणी की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कांग्रेस नेता सत्यदेव त्रिपाठी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ देश विभाजक ताकतों के प्रमुख कार्यकर्ता हैं। हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच नफरत फैलाना ही उनका मकसद है।