यह ख़बर 19 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मुंबई लोकल ट्रेन में अमेरिकी महिला पर हमला, मोबाइल फोन लूटा

खास बातें

  • बताया जा रहा है कि हमलावर महिला का फोन छीनकर भाग गया। यह हमला बीती रात मरीन लाइन−चर्नी रोड के बीच हुआ। जब हमला हुआ तब ट्रेन चल रही थी।
मुंबई:

मुंबई में एक लोकल ट्रेन में एक अमेरिकी महिला पर अज्ञात युवक द्वारा ब्लेड से हमला किया गया है।

बताया जा रहा है कि हमलावर महिला का फोन छीनकर भाग गया। यह हमला बीती रात मरीन लाइन−चर्नी रोड के बीच हुआ। जब हमला हुआ तब ट्रेन चल रही थी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शाम को पश्चिमी रेलवे के मरीन लाइन्स और चर्नी रोड़ स्टेशनों के बीच उस समय हुई जब एक अज्ञात व्यक्ति महिला कोच में आया और अमेरिकी नागरिक मिशेल मार्क का बैग छीनने की कोशिश की।

महिला ने जब विरोध किया तो व्यक्ति ने उस पर हमला किया और उसका आई फोन छीनकर फरार हो गया। अन्य यात्री पीड़िता को मुंबई सेंट्रल थाने में अधिकारियों के पास लेकर गए।

इस बीच सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आरोप लगाया कि रेलवे सुरक्षा बल के कांस्टेबल और स्टेशन मास्टर ने महिला की मदद करने से इनकार कर दिया और उसे जीआरपी अधिकारी के पास जाने को कहा। महिला के हाथ और चेहरे पर मामूली चोटें आई हैं।

जीआरपी अधिकारी ने कहा कि वह इस मामले को उच्च अधिकारियों के पास लेकर जाएंगे।

अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और महिला को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने संदेह जताया कि हमलावर नशे का आदी था।

उन्होंने कहा कि हमलावर की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जाएगी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

(इनपुट भाषा से भी)