झारखंड में पांच महिलाओं की 'डायन' बताकर निर्मम हत्या, 27 गिरफ्तार

झारखंड में पांच महिलाओं की 'डायन' बताकर निर्मम हत्या, 27 गिरफ्तार

रांची:

झारखंड के रांची जिले के मांडर इलाके के कनीजिया गांव में कल देर रात ग्रामीणों ने 'डायन' बताकर लाठी-डंडे से पीट कर पांच महिलाओं की हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने 27 लोगों को गिरफ्तार किया है।

रांची के पुलिस उपमहानिरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि कल देर रात राजधानी रांची से बीस किलोमीटर दूर मांडर इलाके में कनीजिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में गांव वालों ने 'डायन' बताकर लाठी-डंडे से पीट कर 32 से 50 साल की उम्र की पांच महिलाओं की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद उनकी लाशों को बोरे में बांधकर गांव से बाहर फेंक दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद नृशंस हत्या के इस मामले में लगभग पचास लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की है और इनमें से 27 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

इस बीच, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने घटना पर क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा, 'ज्ञान और सूचना के इस युग में इस तरह की घटना से मानवता शर्मसार होती है।' उन्होंने समाज से जागने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लोगों में चेतना फैलाने को कहा है। उन्होंने पुलिस से इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा है।

वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक ने बताया कि मारे गए लोगों के शवों का पोस्टमार्टम पुलिस ने करवा लिया है और सभी को मारे जाने का कारण उन पर लाठी डंडे से वार ही साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं अभी भी मौका-ए-वारदात पर ही हैं, और पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। ग्रामीणों ने अंधविश्वास के चलते सबेरे पुलिस के गांव पहुंचकर लाश कब्जे में लेने का भी विरोध किया और गांव के कब्रगाह में उन्हें दफनाने का भी वह विरोध कर रहे हैं।

अरुण कुमार ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि कुछ दिनों पहले गांव में दो तीन अधेड़ उम्र के लोगों की अज्ञात कारणों से मौत हो गई जिसे कुछ लोगों ने 'डायन' के प्रभाव से हुई मौत बताकर लोगों में भ्रांति फैलाने का काम किया। इसके बाद अभी दो दिनों पहले मारी गई महिलाओं में से एक के घर के पड़ोस में 18 साल के युवक की पीलिया से मौत हो गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने बताया कि गांव वालों ने मृत युवक के पड़ोस में रहने वाली एक महिला को डायन बताकर पीटना शुरू कर दिया। पिटती महिला ने चार दूसरी महिलाओं का नाम लिया और गांव वालों ने उन्हें भी उनके घरों से निकालकर लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया, जिससे पांचों महिलाओं ने वहीं दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और खासकर मुख्यमंत्री ने पूरी घटना को बहुत गंभीरता से लिया है और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की पुलिस जोरशोर से तलाश कर रही है और रात तक सभी को गिरफ्तार कर लिये जाने की संभावना है।

दूसरी ओर, राज्य के नगर विकास मंत्री और रांची के विधायक सीपी सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए लोगों से ऐसी कुरीतियों से दूर होने की अपील की। उन्होंने जन-जन में ऐसी कुरीतियों के खिलाफ चेतना लाने के कार्यक्रम चलाने की बात कही।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष महुआ मांझी ने भी घटना की निंदा की और कहा कि वह अपनी टीम के साथ दो-तीन दिनों में घटनास्थल का दौरा करेंगी और इसका जायजा लेंगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं अधिकतर या तो भ्रांति के कारण अथवा अकेली महिलाओं की संपत्ति हड़पने की नियत से साजिश के तहत की जाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित महिला नीति की जरूरत है।