बेसमेंट में बहता पानी : सुखदेव विहार का हाल

बेसमेंट में बहता पानी : सुखदेव विहार का हाल

सुखदेव विहार के एक घर के बेसमेंट में पानी

नई दिल्ली:

दिल्ली के सुखदेव विहार के वाशिंदे इन दिनों परेशान हैं वजह है उनकी कोठियां की बेसमेंट में भरता पानी। इस इलाके में कई कोठियों के बेसमेंट स्विमिंग पूल की तरह नजर आ रहे हैं।

एनडीटीवी की टीम जब इलाके के लोगों से मिलने पहुंची तो उन्होंने बताया कि वो इस समस्या से किस कदर परेशान हैं।

सबसे पहले हम मिले रविंद्र कुमार से। इस साल मार्च से उनके घर के बेसमेंट में पानी भरने का सिलसिला शुरू हुआ और बरसात में तो पानी बंद होने का नाम नहीं ले रहा। बेसमेंट में रखा सारा सामान बर्बाद हो गया है। उनके बेसमेंट में बने दफ्तर का भी बुरा हाल है। हालात ऐसे हैं कि मोटर से चौबीसों घंटे पानी निकाला जा रहा है। रविंद्र ने बेसमेंट की बिजली तक काट दी है, डर है कि कहीं करंट न दौड़ जाये। रविंद्र के मुताबिक ऐसा लगता है कि इस इलाके में पानी का लेवल बहुत ज्यादा है इसलिए दिल्ली जल बोर्ड यहां वॉटर पंप लगाकर पानी का स्तर कम करे।

रविंद्र की पड़ोसी वीणा सेठ की कोठी का भी यही हाल है। घर के बेसमेंट में पानी ही पानी है। वीणा के मुताबिक घर की नींव जर्जर होती जा रही है और डर है कि किसी दिन मकान ही ना ढह जाए।

इसी इलाके में रहने वाले श्याम रतन उप्पल की कोठी के हालात तो और भी ज़्यादा ख़राब है। उनके घर के बेसमेंट में पानी इतनी तेज़ी से बढ़ रहा है कि इसे देखते हुए उन्हें दो-दो मोटरें लगानी पड़ी हैं। ऊपर से मज़दूर भी लगे हुए हैं...

किसी को पता नहीं चल रहा कि ये पानी आ कहां से रहा है। उप्पल का कहना है कि ये पानी सीवर का भी है और बरसात का भी। उप्पल जल बोर्ड के अधिकारियों से भी मिले। जलबोर्ड के अधिकारियों ने उन्हें जांच के बाद बताया कि ये पानी ग्रांउड वाटर ही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

परेशान लोग जल बोर्ड के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। तमाम नेताओं को भी अपनी दिक्कत बता चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पानी का स्रोत पता नहीं चल रहा और मकानों के गिरने के डर ने रात की नींद भी छीन ली है।