यह ख़बर 08 अप्रैल, 2013 को प्रकाशित हुई थी

'कांग्रेस ने जो गड्ढे किए, उन्हें भरने का काम कर रहा हूं'

खास बातें

  • सोमवार को फिक्की की महिला शाखा को संबोधित करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने जो गड्ढे किए हैं, उन्हें भरने का काम कर रहा हूं।
नई दिल्ली:

सोमवार को फिक्की की महिला शाखा को संबोधित करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने जो गड्ढे किए हैं, उन्हें भरने का काम कर रहा हूं। मोदी ने कहा कि देश में मां और नारी का स्थान सर्वोपरि है, और वह देश के प्रति बहुत चिंतित हैं।

सोमवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ (फिक्की) की महिला शाखा की वार्षिक आमसभा को संबोधित करते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया नेटवर्किंग को धन्यवाद दिया, जिसकी सहायता से बहुत बड़ी संख्या में महिलाओं ने उनसे संपर्क किया, और सुझाव दिए।

मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किए हुए गड्ढे वह भर रहे हैं, बहुत सारा काम बाकी है। उन्हें भव्य दिव्य गुजरात बनाना है।

इस मंच पर मोदी ने महिलाओं के योगदान की खास चर्चा की। गुजरात के विकास में महिलाओं का बहुत बड़ा रोल रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था में भारतीय महिलाएं काफी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने भारत की बुराइयों के लिए हजार साल की गुलामी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि हमें आधुनिक होने से पहले सभ्य होना है।

महिलाओं के लिए आरक्षण के सवाल पर मोदी ने कहा कि राज्य के स्थानीय निकायों में यह प्रावधान उन्होंने विधानसभा में पास करवा दिया, लेकिन महिला राज्यपाल ने ही इसको अब तक हरी झंडी नहीं दी है।

मोदी ने कहा कि समाज में अन्य क्षेत्रों में हुई प्रगति के बावजूद देश में महिलाओं की स्थिति 18वीं शताब्दी से भी बदतर है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मोदी ने फिक्की महिला संगठन (एफएलओ) की वार्षिक आम बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा, हमारी संस्कृति में मां सर्वोच्च स्थान पर है, लेकिन हमारे समाज में बहुत सी बुरी चीजें आ गई हैं। 18वीं शताब्दी में बालिका भ्रूण हत्या की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा, कभी-कभी मुझे लगता है कि हमारी स्थिति 18वीं सदी से भी बदतर हो गई है। 21वीं सदी में बालिकाओं की गर्भ में ही हत्या कर दी जा रही है। पुरुष व महिला दोनों इसके लिए जिम्मेदार हैं। मोदी ने कहा कि यह समस्या गुजरात में भी मौजूद है।