पीएम मोदी की टिप्पणियों से ‘परेशान’ क्यों हो रही है कांग्रेस : वैंकेया नायडू

पीएम मोदी की टिप्पणियों से ‘परेशान’ क्यों हो रही है कांग्रेस : वैंकेया नायडू

वेंकैया नायडू (फाइल फोटो)

हैदराबाद:

कांग्रेस पर वापस निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री एम वेकैंया नायडू ने सोमवार को सवाल उठाया कि आखिर पार्टी अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई टिप्पणियों पर ‘‘बेवजह विचलित’’ क्यों हो रही है जबकि उन्होंने तो अपने संबोधन में किसी का नाम ही नहीं लिया।

प्रधानमंत्री ने किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं लिया
नायडू ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं लिया है। फिर कांग्रेस इतना परेशान क्यों हो रही है? विचलित क्यों हो रही है? हम समझ नहीं पा रहे हैं। प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान भारत की स्थिति और यहां हो रहे बदलावों के बारे में भारतीय मूल के लोगों को बताते रहते हैं। किसी को इसपर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।’’

पीएम मोदी द्वारा पार्टी पर किए गए परोक्ष हमले
कांग्रेस ने अमेरिका में पीएम मोदी द्वारा पार्टी पर किए गए परोक्ष हमले के लिए उनकी आलोचना करते हुए कहा था कि वे विदेशी धरती पर उनके इस बर्ताव से ‘शर्मिंदा’ हैं।

आज कैलिफोर्निया में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर उनपर भी परोक्ष निशाना साधा।

पीएम मोदी ने किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं लिया
नायडू ने कहा, ‘‘यदि पीएम मोदी ने किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम लिया हो तब किसी को प्रतिक्रिया करनी चाहिए। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। कांग्रेस बेवजह परेशान क्यों हो रही है।’’ संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा एक नया मील का पत्थर है और दुनिया उन्हें ‘‘एक सुधारक, प्रदर्शक और परिवर्तक’’ के रूप में देख रही है।

पिछले प्रधानमंत्रियों ने भी व्यापक स्तर पर विदेश यात्राएं की थीं
पीएम मोदी की जल्दी-जल्दी होने वाली विदेश यात्राओं की आलोचना के संदर्भ में नायडू ने कहा कि इन यात्राओं से भारत को बड़ी मदद मिली है और पिछले प्रधानमंत्रियों ने भी व्यापक स्तर पर विदेश यात्राएं की थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें लगता है कि जो लोग ऐसी आलोचना करते हैं, उन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है। अच्छा होगा यदि वे यह देख लें कि प्रधानमंत्रियों ने इससे पहले कितनी यात्राएं की हैं और वे कितने दिन की यात्राओं पर रहे।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अमेरिका यात्रा पर होने से जुड़े सवाल के जवाब में नायडू ने कहा कि देश के लिए यह चर्चा का कोई बड़ा मुद्दा नहीं है।