'रक्षा बंधन' पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं को दी ये खास सौगात

'रक्षा बंधन' पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं को दी ये खास सौगात

चंडीगढ़:

हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं को रक्षा बंधन के मौके पर आज एक खास सौगात मिलने जा रही है। सरकार राज्य के सभी 21 जिलों में महिला थानों की शुरुआत करने जा रही है। इन थानों में दारोगा से लेकर सिपाही तक सभी पुलिसकर्मी महिला होंगी।

जहां एक ओर महिलाओं ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है, वहीं महिला पुलिसकर्मियों का भी मानना है कि इससे महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लागने में मदद मिलेगी। उत्साह से लबरेज इन पुलिसकर्मियों का कहना है कि कि वो पुरुष पुलिसकर्मियों से बेहतर तरीके काम करके दिखाएंगी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पंचकुला के मनसा देवी कॉम्प्लेक्स स्थित महिला पुलिस थाने का उद्घाटन करेंगे। अन्य जिलों के महिला थानों का उद्घाटन केंद्रीय मंत्रियों, राज्य के कैनिबेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों औा मुख्य संसदीय सचिवों द्वारा किया जाना है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक वाईपी सिंघल के मुताबिक इन थानों के खुलने के बाद प्रदेश में महिलाएं एक नई तरह की सुरक्षा प्रणाली तक पहुंच सकेंगी। ऐसी सुरक्षा प्रणाली, जो उन्हें बिना डरे शिकायत करने और उनके खिलाफ हुए अपराधों की महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा संवेदनशील जांच के वातावरण का वादा करती है। सिंघल ने कहा कि सभी 21 थानों में नियुक्त की जाने वाली महिला कर्मियों को पूर्ण प्रशिक्षण दिया गया है और उन्हें इस संबंध में सीआरपीसी के तहत अधिकारों के उपयोग की शक्ति दी गई है। (इनपुट भाषा से)