यह ख़बर 06 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

यामिनी के साथ परिणय सूत्र में बंध गए वरुण गांधी

खास बातें

  • वरुण गांधी पेशे से ग्राफिक डिजाइनर यामिनी रॉय चौधरी के साथ रविवार को गंगा नदी के तट पर स्थित कांची कामकोटिश्वर मंदिर में परिणय सूत्र में बंध गए।
वाराणसी:

भाजपा के युवा सांसद वरुण गांधी पेशे से ग्राफिक डिजाइनर यामिनी रॉय चौधरी के साथ रविवार को गंगा नदी के तट पर स्थित कांची कामकोटिश्वर मंदिर में परिणय सूत्र में बंध गए। रेशमी कुर्ता, धोती और नारंगी अंगवस्त्रम पहने 30 वर्षीय वरुण की यामिनी के साथ विवाह की रस्म कांची पीठ के शंकराचार्य स्वामी जयेंद्र सरस्वती ने पूरी कराई। पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन और दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज की छात्रा रहीं यामिनी ने गुलाबी रंग की साड़ी पहनी थी जो दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी बहू और वरुण की मां मेनका गांधी को 40 वर्ष पूर्व तोहफे में दी थी। मेनका उत्तर प्रदेश के आंवला से, जबकि वरुण पीलीभीत से भाजपा सांसद हैं। वरुण गांधी परिवार के सबसे छोटे सदस्य हैं। नेहरू-गांधी परिवार में करीब डेढ़ दशक बाद हुए इस विवाह समारोह में वरुण की मां मेनका, यामिनी की मां और फिल्म आलोचक अरुणा वासुदेव, करीबी रिश्तेदार तथा वाराणसी के महापौर कौशलेंद्र सिंह मौजूद थे। हालांकि, इस समारोह में मेनका की जेठानी तथा सत्तारूढ़ संप्रग तथा कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ। वरुण खुद अपनी ताई :सोनिया: के घर न्यौता देने गये थे, लिहाजा माना जा रहा था कि सोनिया, कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वढ़ेरा इस शादी में शामिल हो सकते हैं। विवाह समारोह में प्रियंका के आने की चर्चा ज्यादा थी लेकिन वरुण के करीबी सूत्रों ने कल शाम ही साफ कर दिया था कि प्रियंका समारोह में शिरकत नहीं करेंगी। शादी के बाद वरुण-यामिनी मंदिर के द्वार पर आये और प्रिंट तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सदस्यों को उन्होंने पोज दिए। विवाह समारोह सुबह साढ़े सात बजे से नौ बजे के बीच सनातन हिंदू पद्धति से हुआ। जयेंद्र सरस्वती ने समारोह के बाद संवाददाताओं से कहा, विवाह काफी अच्छी तरह से हुआ। मैंने दंपती को आशीर्वाद दिये। मेनका की मां अमतेश्वर आनंद के निधन के बाद आठ मार्च को दिल्ली में दावत के कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया। वरुण की इसी मंदिर में शनिवार की शाम हल्दी की रस्म हुई।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com