आडवाणी, जोशी से मिले यशवंत सिन्‍हा, मुलाकात पर टिप्‍पणी से किया इनकार

आडवाणी, जोशी से मिले यशवंत सिन्‍हा, मुलाकात पर टिप्‍पणी से किया इनकार

यशवंत सिन्‍हा (फाइल फोटो)

नई दिल्‍ली:

पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात की। सिन्हा ने हालांकि इस मुलाकात पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'मैंने जोशीजी और आडवाणीजी से मुलाकात की। इसके अलावा मुझे और कुछ नहीं कहना है।' हजारीबाग (झारखंड) के पूर्व सांसद सिन्हा ने दोनों नेताओं से अलग-अलग उनके आवास जाकर मुलाकात की।

बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के दो दिनों बाद पार्टी के बुजुर्ग नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा और इस हार की गहन समीक्षा की मांग की। बुजुर्ग नेताओं ने यह भी कहा कि यह समीक्षा उन लोगों द्वारा नहीं की जा सकती, जो हार के लिए जिम्मेदार रहे हैं। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष आडवाणी, जोशी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने मोदी के नेतृत्व को एक तरह से चुनौती देते हुए कहा कि बिहार की हार से स्पष्ट है कि भाजपा ने दिल्ली में हुई हार से कोई सबक नहीं लिया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

शांता कुमार बोले, संवाद की प्रक्रिया शुरू होना अच्‍छा संकेत
वरिष्‍ठ नेता शांता कुमार से संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'मैं हिमाचल (प्रदेश) में हूं और मुझे इस घटनाक्रम पर कुछ नहीं कहना है।' हालांकि उन्होंने कहा, 'यह एक अच्छा संकेत है कि पार्टी नेताओं ने संवाद प्रक्रिया शुरू की है।'