यह ख़बर 02 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

यूपी की हार के लिए महंगाई, भ्रष्टाचार जिम्मेदार : कांग्रेस समिति

खास बातें

  • रक्षामंत्री एके एंटनी के नेतृत्व में बनाई गई उच्चस्तरीय समिति ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की बुरी हार के पीछे भ्रष्टाचार को लेकर बनी छवि, महंगाई, टिकटों का गलत वितरण और विवादित प्रचार मुख्य वजह थे।
नई दिल्ली:

कांग्रेस की एक उच्चस्तरीय समिति का कहना है कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की बुरी हार के पीछे भ्रष्टाचार को लेकर बनी छवि, महंगाई, टिकटों का गलत वितरण, विवादित प्रचार अभियान और कमजोर ढांचा मुख्य वजह थे।

प्रदेश चुनावों में पार्टी की चुनावी हार की तह तक जाने के लिए बनी एके एंटनी समिति ने ऐसा माना जा रहा है कि अपनी पड़ताल पूरी कर ली है।

सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट को गुरुवार को अंतिम शक्ल दी जाएगी जिसके बाद इसे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया जाएगा। समिति ने हालांकि राहुल गांधी की भूमिका का आलोचनात्मक आकलन नहीं किया है जिन्होंने उत्तर प्रदेश में पार्टी को दोबारा खड़ा करने के लिए प्रचार किया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

तीन सदस्यीय समिति में एंटनी के अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और सुशील कुमार शिंदे भी हैं। समिति को गोवा और पंजाब में पार्टी की हार और उत्तराखंड में प्रदर्शन की वजहों को भी जानने का जिम्मा सौंपा गया है।