यह ख़बर 09 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

महाराष्ट्र में बोरवेल में गिरा बच्चा सुरक्षित निकला

खास बातें

  • महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के एक गांव में बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से तीन घंटे में सुरक्षित निकाल लिया गया।
अहमदनगर:

महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के एक गांव में बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे को पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से तीन घंटे में सुरक्षित निकाल लिया गया।

पिछले दिनों हरियाणा के गुड़गांव में बोरवेल में गिरने से तीन साल की बच्ची माही की मौत हो गई थी। ठीक वैसी ही घटना यहां सोमवार को अहमदनगर जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर राहुरी तालुका के कदनगांव में हुई। चार साल का मनोज घोड़पड़े दोपहर बाद खेलते समय बोरवेल में गिर गया।

84 घंटे तक लगातार प्रयास के बावजूद माही की जान तो नहीं बचाई जा सकी, लेकिन यहां मनोज को बचा लिया गया।

राहुरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, "पुलिसकर्मियों की टीम और स्थानीय लोगों के सहयोग से बोरवेल के समानांतर एक दूसरा गड्ढा खोदकर मनोज को सुरक्षित निकाल लिया गया है।"

मनोज दोपहर बाद खेलते समय 270 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया, हालांकि वह 24 फीट पर अटका हुआ था। लोगों को उसकी आवाज सुनाई दे रही थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान में जेसीबी मशीनों को लगाया गया और सेना को सतर्क कर दिया गया था। कुछ खरोंचों को छोड़कर मासूम मनोज पुरी तरह सुरक्षित है। चिकित्सक दल ने उसे पूरी तरह स्वस्थ घोषित किया है।

अन्य खबरें