अकबर : इतिहास के झरोखों से कुछ कहानियां

अकबर : इतिहास के झरोखों से कुछ कहानियां

नयी दिल्‍ली:

वरिष्ठ पत्रकार एवं जल्द आने वाले उपन्यास 'अकबर' के लेखक शाजी जमां के नेतृत्व में मुगल बादशाह अकबर से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों की एक हैरिटेज वॉक आयोजित की गई। हैरिटेज वॉक का कारवां बादशाह अकबर के जीवनकाल से जुड़ी दो महत्वपुर्ण जगहों पर रुका, जहां पर इस वॉक में शामिल बादशाह अकबर और आने वाले उपन्यास को लेकर उत्साहित लोगों को शाजी जमां ने इन इमारतों की दीवारों में दफन कई अनछुई कहानियों से रूबरू करवाया। इंडिया हेबिटेट सेंटर द्वारा आयोजित यह वॉक रविवार सुबह आठ बजे पुराना किला से शुरू हुआ। 

इस विरासत यात्रा का पहला पड़ाव था पुराना किला में स्थित शेर महल। इसी जगह सीढ़ियों से फिसलकर गिरने के कारण अकबर के पिता हुमायूं की असमय मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद मुगल सत्ता की गद्दी पर युवा अकबर को बैठाया गया। हुमायूं की मौत की खबर को गुप्त रखा गया। उनके जैसा ही दिखने वाला कोई और झरोखा-दर्शन देता था, जिससे लोगों को लगता रहे कि हुमायूं जिंदा है। पंजाब में अकबर की ताजपोशी के ठीक बाद हुमायूं की मौत को सार्वजनिक किया गया।

पुराने किले से निकलने वाली सड़क के ठीक सामने स्थित एक इमारत खैर-उल-मनाजिल मस्जिद या महामंगा का मदरसा इस वॉक का दूसरा पड़ाव थी। खैर-उल-मनाजिल फारसी का शब्द है, जिसका मतलब होता है 'सब इमारतों में श्रेष्ठ'। इसी जगह 1564 में बादशाह अकबर पर कातिलाना हमला हुआ था। इस हमले के बारे में अभी तक पूरी तरह नहीं मालूम है। भरे बाजार में तीर से उन पर यह हमला उस वक्त हुआ जब वो निजामुद्दीन दरगाह से लौट रहे थे।

हम सब अकबर को मुगल साम्राज्य के सबसे महान बादशाह के रूप में जानते हैं लेकिन उनके जीवन के कई मंत्रमुग्ध कर देने वाले तथ्य है जो अभी तक अनछुए हैं। शाजी जमां ने इस वॉक में ऐसे ही अकबर की जिंदगी से जुड़े कई अनसुने पहलुओं से रूबरू करवाया। इतिहास के प्रति शाजी जमां की रुचि और 20 सालों का रिसर्च जो 'अकबर' उपन्यास के रूप में आ रहा है, उनके द्वारा दिए जा रहे विवरण में साफ झलक रहा था।

शाजी जमां ने कहा, "अकबर के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को समझने के लिए बाबरनामा, अकबरनामा और हुमायूंनामा प्राथमिक स्त्रोत है। उसके साथ ही साथ मुगल मिनिअेचर को पढ़ना भी जरूरी है। हालांकि अकबर के जीवन पर रिसर्च करने के लिए मैं अपना समय उसकी बनाई और उसके जीवन से जुड़ी इमारतों की खोजबीन में लगाया। इससे मैंने अकबर के समय को अच्छे से महसूस किया।"

इन्होंने इसके लिए कलकत्ता के इंडियन म्यूजियम से लेकर लंदन के विक्टोरिया और अल्बर्ट म्यूजियम तक की यात्राएं की और हर एक छोटी से छोटी पेंटिंग से लेकर अकबर और उसके समकालीन मुगल स्थापत्य का गहराई से अध्ययन किया। यह उपन्यास प्री बुकिंग के लिए अमेजन डॉट इन पर 15 नवंबर से उपलब्ध होगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com