दिग्विजय सिंह ने उठाया राजनाथ सिंह और प्रज्ञा ठाकुर की मुलाकात का मुद्दा

दिग्विजय सिंह ने उठाया राजनाथ सिंह और प्रज्ञा ठाकुर की मुलाकात का मुद्दा

प्रतीकात्मक फोटो

खास बातें

  • दिग्विजय ने ट्विटर पर उठाए राजनाथ और साध्वी प्रज्ञा की मुलाकात पर सवाल।
  • लिखा- 'बम ब्लास्ट की आरोपी है प्रज्ञा, नाईक के खिलाफ अब तक कोई केस नहीं।'
  • 'जाकिर नाईक और श्री श्री रविशंकर के मंच साझा करने पर क्या कहेगी भाजपा?'
नई दिल्ली:

विवादित इस्लामी प्रचारक जाकिर नाइक के साथ मंच साझा करने के कारण भाजपा के निशाने पर आए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पलटवार करते हुए आज भाजपा नेता और गृह मंत्री राजनाथ सिंह के 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर के साथ कथित मुलाकात का मुद्दा उठाया। साथ हीं उन्होंने भाजपा से पूछा कि वह श्री श्री रविशंकर के जाकिर नाइक के साथ मंच साझा करने को लेकर क्या कहेगी।

ट्विटर के माध्यम से उठाए सवाल
सिंह ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘जाकिर नाइक के साथ मंच साझा करने पर मेरी आलोचना की जा रही है लेकिन राजनाथ सिंह के बम विस्फोट की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर से मुलाकात का क्या?’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रज्ञा बम विस्फोट मामले में आरोपी है। क्या जाकिर नाइक के खिलाफ कोई मामला है? श्री श्री रविशंकर के जाकिर नाइक के साथ मंच साझा करने को लेकर क्या कहेंगे?’’ कांग्रेस नेता पहले भी आरोप लगा चुके हैं कि भाजपा जब विपक्ष में थी तब राजनाथ सिंह प्रज्ञा से जेल में मिले थे। तब राजनाथ ने प्रज्ञा से मिलने की बात से इनकार किया था।


वर्ष 2012 के एक वीडियो में दिग्विजय जाकिर की तारीफ कर रहे हैं जिसके सामने आने के बाद भाजपा ने उनपर हमला किया है। हाल में ढाका के एक कैफे में हुए आतंकवादी हमले में शामिल लोगों के जाकिर से प्रेरित होने की खबरें सामने आने के बाद जाकिर सरकारी एजेंसियों की जांच के दायरे में आए हैं।
 
भाजपा ने ज़ाकिर को बताया राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा
भाजपा ने जाकिर को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है और उसका कहना है कि उनके भाषणों से साफ होता है कि उन्होंने लोगों को भड़काया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने कहा, ‘‘आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। कोई भी इंसान जो प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से इसे उकसाता है, वह दोषी है। उनके जैसे लोग हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। सरकारी एजेंसियों को वर्तमान कानूनी व्यवस्था के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई पर फैसला करना चाहिए। यह साफ है कि उन्होंने लोगों को भड़काया।’’

उन्होंने दिग्विजय की टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘आतंकवाद का राजनीतिकरण करना और महिमा मंडन करना कांग्रेस के चरित्र में है। उसके नेताओं ने आतंकियों के लिए हाफिज साहब और ओसामा जी जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने बटला हाउस मुठभेड़ में निरीक्षक मोहनचंद शर्मा की शहादत पर सवाल किए और कहा कि उनकी अध्यक्ष सोनिया गांधी मुठभेड़ में लोगों (आतंकियों) के मारे जाने को लेकर रात भर रोयी थीं।’’

दिग्विजय ने कहा कि अगर जाकिर के खिलाफ कोई सबूत है तो भारत और बांग्लादेश की सरकारों को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने इससे पहले कहा था, ‘‘मैंने सांप्रदायिक सद्भाव की अपील की है और हिन्दुओं या मुसलमानों किसी के भी धार्मिक कट्टरवाद और आतंकवाद का विरोध किया है।’’

 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com