महंगाई भत्ता सात फीसदी बढ़ा, पूर्व सैनिकों के लिए 2300 करोड़ रुपये का पैकेज
कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को बढ़ाकर मूल वेतन का 72 प्रतिशत किया गया है। सरकारी बयान में कहा गया है कि महंगाई भत्ते में यह वृद्धि एक जुलाई 2012 से प्रभावी होगी। कर्मचारियों को इस तारीख से बकाये का भुगतान किया जाएगा।
सरकारी बयान में कहा गया है, 'महंगाई भत्ते तथा महंगाई राहत (पैंशनभोगियों के लिए) से सरकारी खजाने पर 7,408.24 करोड़ रुपये सालाना अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। चालू वित्त वर्ष की शेष अवधि में इससे सरकार पर 4,938.78 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।’
इस आशय के फैसले को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी। इससे केंद्र सरकार के लगभग 50 लाख कर्मचारी तथा 30 लाख पेंशनभोगी लाभान्वित होंगे। बयान में कहा गया है कि महंगाई भत्ते में यह वृद्धि छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के हिसाब से की गई है।
सरकार ने हाल ही में डीजल के दाम पांच रुपये प्रति लीटर बढ़ाए थे जबकि खुदरा मुद्रास्फीति बढकर दहाई अंक पर पहुंच गई है।
इसके साथ ही, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सशस्त्र सेनाओं के पेंशनभोगियों से जुड़े चार प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इससे सरकारी खजाने पर सालाना 2300 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। जनवरी 2006 से पहले सेवानिवृत्ति होने वाले सैन्यकर्मियों को अब उन सैन्यकर्मियों के लगभग समान ही पेंशन मिलेगी जो इसके बाद सेवानिवृत्त हुए।
एक अन्य सरकारी बयान के अनुसार इससे रक्षा पेंशनरों की 'एक रैंक-एक पैंशन' की मांग मोटे तौर पर पूरी हो गई।
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करे...

Sakshi, before she became Mrs Dhoni