31 साल के हुए 'कैप्टन कूल' धोनी...
Kunal Wahi,
Last Updated: जुलाई 7, 2012 03:13 PM IST
Tweet
माही इस बरस 31 साल को हो गए हैं, लेकिन 31 साल की उम्र में भी माही टीम इंडिया के कैप्टन 'कूल' हैं, फैन्स की नंबर वन पसंद हैं। खबर है कि धोनी अपना 31वां जन्मदिन देश से हजारों मील दूर अमेरिका में मानएंगे।
माही देश में नहीं हैं, लेकिन इससे उनके फैन्स के जोश में कोई कमी नहीं आई है। देश में कई जगहों पर उनके फैन्स इकठ्ठा होकर केक काटने का प्लान बना चुके हैं। धोनी रांची में नहीं हैं, इसलिए वहां कोई बड़ा आयोजन तो नहीं हो रहा, लेकिन माही की मां जानकी देवी ने हर साल की तरह बेटे के लिए घर में पूजा रखी है।
7 जुलाई, 1981 को जन्मे माही वैसे तो 31 साल को हो गए है, लेकिन क्रिकेट की दुनिया में ये उनका आठवां साल है। 2004 में उन्होंने पहला वन−डे खेला, जबकि अगले साल 2005 में उन्हें टेस्ट कैप मिला। इन आठ सालों में छोटे शहर का एक गुमनाम शख्स, जिस तेज़ी से दौलत, शोहरत और कामयाबी के शिखर पर पहुंचा, वह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं।
इस दौरान माही ने तमाम कामयाबियां हासिल कीं, लेकिन अपने करियर के सातवें साल यानी 2011 में जीता विश्व कप उनके करियर का अभी तक का हाई प्वाइंट रहा है। हालांकि पिछला एक साल माही के लिए मैदान पर उतना अच्छा नहीं गया। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में माही का मिडास टच कहीं फीका पड़ता भी नज़र आया। उम्मीद करते हैं कि जीवन का 32वां पड़ाव उनके लिए बेहतर होगा और धोनी एक बार फिर श्रीलंका में होने वाले टी−20 विश्व कप भारत के लिए जीतने में सफल हो सकेंगे। टीम इंडिया के सबसे करिश्माई कप्तान को हमारी तरफ से ढेरों शुभकामनाएं...
धोनी के लिए बेहद खास है 7 अंक
आपकी और हमारी तरह माही को बॉन्ड कितने पसंद हैं, यह बताना मुश्किल है, लेकिन बॉन्ड की तरह ही माही नंबर 7 में जबरदस्त यकीन करते हैं। 7 नंबर को अपने लिए शुभ मानते हैं और अपनी निजी जिंदगी में इस नंबर को पूरी अहमियत देते हैं।
कई लोग मानते हैं कि माही की इस सफलता का राज़ छुपा है नंबर 7 में। धोनी का डेट ऑफ बर्थ है 07−07−81...इस तारीख़ में हर जगह 7 है…महीने का सातवां, दिन साल का सातवां महीना और साल 81 यानि 8−1 7। धोनी की शादी 04−07−2010 को हुई, जिसमें भी 7 छुपा है। साल के सातवें महीने, तारीख़ और साल का जोड़ भी 7 बनता है।
धोनी 7 नंबर की जर्सी पहनते है, चाहे वह वनडे हो या कोई टी−20 मैच। पिछले साल कई बड़ी कंपनियों से करार भी धोनी ने 7 को ध्यान में रखते हुए ही किया। धोनी की गाड़ी और बाइक में भी किसी न किसी तरह नंबर 7 जरूर होता है। 7 नंबर की इस थ्योरी को बल इस बात से भी मिलता है कि धोनी ने अपने क्रिकेटिंग करियर के सातवें साल में वर्ल्ड कप जीतकर वह कारनामा कर दिया, जो पिछले 28 साल से कोई कप्तान नहीं कर पाया था।
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करे...
First Published:
जुलाई 7, 2012 03:10 PM IST
