मध्य प्रदेश के मंत्री ने खुद को सफेद कपड़ों वाला गुंडा बताया
खास बात यह है कि अनूप मिश्रा देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी रिश्तेदार हैं। भिंड में एक सभा में मिश्रा ने कहा कि इस जिले में तमाम माफिया सक्रिय हैं, लेकिन अब यहां सिर्फ एक ही माफिया रहेगा और वह वे खुद हैं। मंत्री तो मंत्री उनके समर्थक भी कम नहीं थे। उनके समर्थकों ने मिश्रा के स्वागत में जमकर हवाई फायरिंग भी की।
मिश्रा भिंड जिले के प्रभारी मंत्री बनने के बाद गुरुवार को पहली बार भिंड पहुंचे थे। रात में उन्होंने लहार में एक सभा को संबोधित करते हुए स्वयं को 'खादी वाला सफेदपोश गुंडा' बताते हुए कहा कि अब यहां किसी की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि यहां अब न तो रेत माफिया और न ही अधिकारी की गुंडागर्दी चलेगी। सरकार ने इसलिए उन्हें यहां भेजा है और वह पूरी तरह सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं होना चाहिए कि जिले में एक ही 'दादा' रहता है। मिश्रा जब भिंड जिले के प्रवास पर पहली बार भिंड जिला मुख्यालय पहुंचे, तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हवाई फायरिंग कर उनका स्वागत किया। दूसरी तरफ, लहार से स्थानीय कांग्रेस विधायक डॉ गोविंद सिंह ने शुक्रवार को राज्यपाल रामनरेश यादव को एक ज्ञापन सौंपकर अनूप मिश्रा पर लोगों को सार्वजनिक रूप से भयभीत करने का आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए जाने की मांग की है।
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करे...

Click to Expand & Play