राष्ट्रपति चुनाव : संगमा ने मांगी प्रणब पर आदेश की कापी
निर्वाचन अधिकारी वीके अग्निहोत्री को लिखे पत्र में संगमा ने मांग की है कि आदेश की कापी बुधवार को शाम पांच बजे तक उन्हें सौंपी जाए क्योंकि आपत्तियों को खारिज करने का आदेश दिए जाने के बाद 24 घंटे से ज्यादा गुजर गए हैं।
इस बात की पुष्टि करते हुए भाजपा नेता एसएस अहलुवालिया ने कहा, ‘यह अभूतपूर्व है।’’ उन्होंने कहा कि विस्तृत आदेश की कापी के मिल जाने के बाद ही भाजपा आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय करेगी।
राष्ट्रपति पद के चुनाव में संगमा को भाजपा, बीजद और अन्नाद्रमुक का समर्थन हासिल है। संगमा ने इस मामले में आगे की कार्रवाई के बारे में चर्चा के लिए विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के निवास पर करीब दो घंटे बैठक की। इस बैठक में भाजपा नेता अहलुवालिया और अनंतकुमार तथा जनता पार्टी नेता सुब्रमण्यम स्वामी भी मौजूद थे।
मंगलवार को भाजपा ने प्रणब मुखर्जी के भारतीय सांख्यिकीय संस्थान के चेयरमैन पद से इस्तीफे के पत्र को फर्जी करार देते हुए कहा था कि पार्टी के पास आगे की कार्रवाई के लिए कानूनी समेत सभी विकल्प खुले हैं।
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करे...
