नाराज़ पेस शर्तों के साथ ओलिंपिक में खेलने को तैयार
इसके साथ ही एआईटीए ने अपने पिछले कुछ दिनों से चले आ रहे टेनिस संकट को सुलझाने का भी दावा किया। एआईटीए ने हालांकि स्वयं दुनिया के नंबर सात खिलाड़ी पेस के लिए यह फैसला अनुचित करार दिया। उसने महेश भूपति और रोहन बोपन्ना को लंदन के लिए टीम बनाने की अनुमति दे दी। इन दोनों ने पेस के साथ जोड़ी बनाने से इनकार कर दिया था।
एआईटीए अध्यक्ष अनिल खन्ना ने जूनियर खिलाड़ी के साथ जोड़ी बनाने की दशा में ओलंपिक से हटने की पेस की धमकी के संदर्भ में कहा, वर्तमान परिस्थितियों में दो टीमें भेजना ही सर्वश्रेष्ठ विकल्प था। इसमें कोई संदेह नहीं कि सबसे अधिक देशप्रेमी जिसने भारत की तरफ से सबसे अधिक डेविस कप मैच खेले और जो पिछले 20 साल से देश की सेवा कर रहा है, उस व्यक्ति के लिए कोई विकल्प नहीं छोड़ा गया और इसलिए उन्हें तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करनी पड़ी। उन्होंने कहा, एआईटीए लिएंडर की छवि धूमिल नहीं करना चाहता।
एआईटीए ने लिएंडर से उन कड़वी बातों (जो भूपति और बोपन्ना ने उनके खिलाफ कही) को भूल जाने के लिए कहा। खन्ना ने कहा, लिएंडर पेस और विष्णुवर्द्धन (रैंकिंग 207) तथा महेश भूपति और रोहन बोपन्ना के रूप में दो टीमें होंगी। हमने लिएंडर से अपना मन बदलने तथा बोपन्ना और विष्णु को उनके पहले ओलिंपिक में मदद करने के लिए कहा।
इसके साथ ही पेस की, कंधे की चोट से उबर रहे सोमदेव देवबर्मन के साथ जोड़ी बनाने को लेकर लगाए जा रहे कयास भी खत्म हो गए। खन्ना ने कहा, यह फैसला भारत के नंबर एक खिलाड़ी (पेस) के साथ अनुचित है। एआईटीए लिएंडर को बहुत सम्मान देता है। हमें पूरा विश्वास है कि लिएंडर हमें निराश नहीं करेंगे। लेकिन एआईटीए ने मिश्रित युगल में पेस की जोड़ी सानिया मिर्जा के साथ बनाने का फैसला किया है, जो कि भूपति को नागवार गुजरे। भूपति और सानिया ने हाल में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था।
खन्ना ने कहा कि यदि सानिया 28 जून को ओलिंपिक के लिए वाइल्ड कार्ड हासिल कर लेती हैं, तो वह पेस के साथ जोड़ी बनाएंगी, क्योंकि इन दोनों की संयुक्त रैंकिंग से उन्हें इस खेल महाकुंभ में सीधे प्रवेश मिल जाएगा। उन्होंने कहा, सानिया फ्रेंच ओपन के बाद कह चुकी है कि हालांकि वह भूपति के साथ जोड़ी बनाने को प्राथमिकता देगी, लेकिन ओलंपिक में वह किसी भी जोड़ीदार के साथ खेलने के लिए तैयार है।
खन्ना ने कहा, लिएंडर और सानिया को ही मिश्रित युगल में सीधा प्रवेश मिला है। यदि सानिया को वाइल्ड कार्ड मिलता है, तो वे एकमात्र भारतीय जोड़ी होगी, क्योंकि उनकी संयुक्त रैंकिंग 19 है। खन्ना से जब पूछा गया कि पेस के जोड़ीदार के रूप में सोमदेव के नाम पर क्यों विचार नहीं किया गया, उन्होंने कहा, हम पेस की जोड़ी ऐसे खिलाड़ी के साथ बनाकर जो पूरी तरह से फिट नहीं हो, उनकी संभावना खत्म नहीं करना चाहते थे। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) की लंदन खेलों के लिए प्रविष्टि भेजने की गुरुवार को अंतिम तिथि है।
(इनपुट भाषा से भी)
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करे...
