Dubsmash.com दे रहा है एक्टिंग के कीड़े को पंख

Dubsmash.com दे रहा है एक्टिंग के कीड़े को पंख

नई दिल्‍ली:

'रिश्ते में तो तुम्हारे बाप लगते हैं, नाम हैं शहंशाह।' समाज और सिस्टम से लड़ते-जूझते कई बार आपकी भी ख्वाहिश होती होगी शहंशाह बनने की। शहंशाह नहीं बन सकते तो क्या अब आप इस डॉयलाग पर एक्टिंग ज़रूर कर सकते हैं।

Dubsmash.com मोबाईल ऐप ने सोशल मीडिया पर इन दिनों धूम मचा रखी है। युवाओं पर इसका जादू सर चढ़ कर बोल रहा है। इस ऐप में आपको किसी भी वीडियो क्लिप चाहे वो फ़िल्म हो, ऐड हो या नाटक हो, पर मॉक एक्टिंग करनी होती है। आवाज़ और बैकग्राउंड म्यूजिक ऑरिजनल रहता है। इसे वीडियो सेल्फ़ी भी कहा जा रहा है।

जरा देखिए इस वीडियो में सलमान खान और सोनाक्षी सिन्हा कैसे गुलजार निर्देशित 1971 की फ़िल्म 'मेरे अपने' में शत्रुध्न सिन्हा की आवाज़ पर Dubsmash कर रहे हैं।

यहां तक की बैडमिंटन की वर्ल्ड नंबर-1 सायना नेहवाल भी इसको आजमाने से अपने आप को रोक नहीं पायीं।

Dubsmash ऐप को बनाया है जर्मनी के Jonas Drppel, Roland Grenke और Daniel Taschik ने। दो बार iOS ऐप स्टोर में शामिल होने के बावज़ूद ये ऐप लोगों के बीच लोकप्रियता हासिल नहीं कर पाया। 2013 के मध्य में कंपनी जब शुरू हुई थी तभी इसे लॉन्च करने की कोशिश की गयी थी। पिछले साल बर्लिन में 'हैकेथॉन' में भी इसे प्रदर्शित किया गया। लेकिन बात नहीं बन पायी।

कंपनी ने काफ़ी रिसर्च किया। दोस्तों और परिवार के बीच ऐप को आजमाया। कंपनी का मानना है कि ऐप के जरिए बनाए गए वीडियो आमतौर पर लोग दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ शेयर करना चाहते थे। लोग छोटे और जल्द बन जाने वाले वीडियो को व्‍हाट्सऐप, फ़ेसबुक और मैसेंजर जैसे सोशल मीडिया पर चैट के दौरान आदान-प्रदान करना चाहते थे।

इन सब बातों को ध्यान में रखकर 19 नवंबर 2014 को ऐप को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया। हालांकि उन्हें हिट होने की कोई बड़ी उम्मीद नहीं थी। लेकिन एक हफ़्ते के अंदर ये ऐप जर्मनी में नंबर-1 हो गया। और फिर इसकी दीवनागी दुनिया भर में फ़ैलते देर नहीं लगी। 6 महीने के अंदर करोड़ों लोग इसे डाउनलोड कर चुके हैं। 192 देशों में करीब 2 करोड़ लोग इसे यूज़ कर रहे हैं। आज ये IOS के साथ-साथ एंड्रॉयड प्लेटफ़ॉर्म पर भी मौज़ूद है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आप ऐप पर क्लिक कर अपनी मनपसंद क्लिप पर क्लिक करें और अपना वीडियो सेल्फ़ी बना सकते हैं। नई पीढ़ी में भी अमिताभ बच्चन के डायलॉग पर Dubsmash वीडियो बनाने का सबसे ज़्यादा क्रेज़ है। वहीं लड़कियों के बीच करीना कपूर और दीपिका पादुकोण की एक्टिंग ज्यादा लोकप्रिय है।