यह ख़बर 01 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दुनियाभर में धूमधाम से 2012 का स्वागत

खास बातें

  • दुनियाभर के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने धूमधाम से वर्ष 2011 को विदा किया और 2012 का स्वागत किया।
लंदन:

दुनियाभर के विभिन्न हिस्सों में लोगों ने धूमधाम से वर्ष 2011 को विदा किया और 2012 का स्वागत किया। नए साल का पहला जश्न समोआ और टोकेलू में मनाया गया। समोआ दक्षिणी प्रशांत महासागर के ओसेनिक क्षेत्र का द्विपीय देश है, जबकि टोकेलू न्यूजीलैंड का स्वायत्त क्षेत्र है। दोनों देशों में समय को 24 घंटे आगे खिसकाया गया है। जिसके कारण दोनों जगहों के कैलेंडर में 29 दिसम्बर के बाद सीधे 31 दिसम्बर आया और इस वजह से अब तक नए साल का सबसे आखिर में स्वागत करने वाली दोनों जगहों पर इस बार सबसे पहले नए साल का स्वागत किया गया।
बीबीसी के मुताबिक दुनिया में नए साल का सबसे पहले स्वागत करने वाला देश होने के कारण लोगों ने शनिवार की सुबह से ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। आस्ट्रेलिया में मध्य रात्रि में 15 मिनट की आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया गया।
जापान में लोगों ने टोक्यो टावर के सामने शुभकामना संदेश लिखे हीलियम भरे गुब्बारे छोड़कर नए साल का स्वागत किया। रविवार को दूसरी पारी की शुरुआत कर रहे संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने उम्मीद जताई कि वर्ष 2011 में अरब देशों में हुए व्यापक विरोध प्रदर्शन से शुरू हुई लोकतंत्र की मुहिम आगे भी जारी रहेगी। जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल का नए साल का शुभकामना संदेश हालांकि अपेक्षाकृत निराशाजनक रहा।
मार्केल ने कहा कि वर्ष 2012 वर्ष 2011 की तुलना में अधिक कठिन रहेगा, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्ज संकट के कारण यूरोपीय देश एक-दूसरे के निकट आएंगे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com