यह ख़बर 09 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भारत में 1000 पुरुषों पर 940 महिलाएं

खास बातें

  • सरकार ने बताया कि 2011 की जनगणना के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में वर्ष 2011 में लिंग अनुपात प्रत्येक 1000 पुरूषों पर 940 महिलाएं हैं।
नई दिल्ली:

सरकार ने मंगलवार को बताया कि 2011 की जनगणना के ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में वर्ष 2011 में लिंग अनुपात प्रत्येक 1000 पुरूषों पर 940 महिलाएं हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने आज राज्यसभा में बताया कि देश के महापंजीयक द्वारा प्रकाशित नमूना पंजीयन प्रणाली पर आधारित अनुमानों के अनुसार, देश में वर्ष 2009 में नवजात शिशु मृत्यु दर 50 तथा वर्ष 2007-09 में मातृ मृत्यु अनुपात प्रति एक लाख पर 212 है। आजाद ने डॉ ज्ञान प्रकाश पिलानिया के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि देश में वर्ष 2009 में क्षय रोग के कारण 66241 मौत, वर्ष 2010 में मलेरिया के कारण 1023 मौत और वर्ष 2010 में कालाजार के कारण 105 लोगों की मौत होने की सूचना थी। कालाजार के बारे में परिमल नथवानी के प्रश्न के लिखित जवाब में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री सुदीप बंधोपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2010 में कालाजार के कारण 105 लोगों की मौत की सूचना मिली जिनमें से बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल राज्यों से 104 लोगों के मरने की सूचना थी। आजाद ने रामविलास पासवान के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि अप्रैल 2010 से मार्च 2011 के दौरान दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कुल 155039 रोगियों को भर्ती किया गया जिनमें से 13075 रोगी बिहार के थे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com