यह ख़बर 14 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दुनिया के अरबपतियों में सबसे महंगा मुकेश अंबानी का घर 'एंटीलिया'

न्यूयॉर्क:

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी न केवल दुनिया के धनी व्यक्तियों में अग्रणी हैं, बल्कि उनका मुंबई स्थित गगनचुंबी 'एंटीलिया' भी दुनिया के अरबपतियों में सबसे महंगा मकान है। फोर्ब्स पत्रिका के ताजा अंक में यह बात कही गई है।

फोर्ब्स पत्रिका की इस सूची में भारतीय मूल के इस्पात क्षेत्र के दिग्गज उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल का लंदन स्थित मकान भी शामिल है।

सबसे धनी भारतीय उद्योगपति अंबानी के 4,00,000 वर्ग फुट में फैले 27 मंजिला गगनचुंबी मकान का नाम अटलांटिक में पौराणिक द्वीप के नाम पर 'एंटीलिया' रखा गया है। फोर्ब्स की दुनिया के सबसे महंगे मकानों की सूची में यह सबसे ऊपर है।

फोर्ब्स के अनुसार, दुनिया में सबसे महंगे आवासों में मुकेश अंबानी के 'एंटीलिया' का नाम है। एक अरब डॉलर से दो अरब डॉलर के बीच निर्माण लागत के साथ यह दुनिया का सबसे महंगा आवास है।

मकान में छह मंजिला भूमिगत पार्किंग, तीन हेलीकॉप्टर पैड्स तथा इसके रखरखाव के लिए कथित तौर पर 600 कर्मचारियों की जरूरत है।

'एंटीलिया' को बनाने में आए खर्च को देखते हुए फोर्ब्स ने इसकी तुलना ‘7 वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ से की है। मैनहट्टन में ग्राउंड जीरो के पास स्थित 17 लाख वर्ग फुट में फैला वर्ल्ड ट्रेड सेंटर 52 मंजिला टावर है। इसका निर्माण दो अरब डॉलर में हुआ बताया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मित्तल के लंदन स्थित केनसिंगटन पैलेस गार्डन्स में स्थित मकानों को दुनिया के 21 महंगे मकानों की सूची में क्रमश: 5वें और 18वें स्थान पर रखा गया है। ऐसा माना जाता है कि मित्तल के लंदन में उच्च सुरक्षा वाले इस क्षेत्र में तीन मकान हैं। इसमें इस्राइली दूतावास के पास ‘नियो-जार्जियन’ महल भी शामिल है।