यह ख़बर 01 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

शारीरिक रूप से अलग हुई स्तुति, आराधना मनाएंगी जन्मदिन

खास बातें

  • देश और दुनिया के चिकित्सकों के चिकित्सकीय कौशल के जरिए एक साथ जुड़े शरीरों को अलग किए जाने के बाद स्तुति और आराधना सोमवार को अपना पहला जन्मदिन मनाएंगी।
बैतूल:

देश और दुनिया के चिकित्सकों के चिकित्सकीय कौशल के जरिए एक साथ जुड़े शरीरों को अलग किए जाने के बाद स्तुति और आराधना सोमवार को अपना पहला जन्मदिन मनाएंगी।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के पाढर अस्पताल में स्तुति, आराधना के पहले जन्मदिन को मनाने की तैयारियां जोरों से चल रही है।

जन्मदिन समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हिस्सा लेंगे।

स्तुति, आराधना का जन्म दो जुलाई 2011 को हुआ था। जन्म के समय से ही उनके शरीर आपस में जुड़े हुए थे, तभी से पाढर अस्पताल उनका लालन-पालन कर रहा है। दोनों के शरीर अलग करने के लिए बीते माह एक ऑपरेशन हुआ था। लगभग 10 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद स्तुति, आराधना के शरीरों को अलग किया गया था। स्तुति की हालत में तेजी से सुधार हुआ, पहले उसे वैंटिलेटर से हटाया गया, फिर आराधना वैंटिलेटर से हटाई गई, मगर इन दिनों आराधना एक बार फिर वैंटिलेटर पर है।

पाढर अस्पताल में स्तुति, आराधना के जन्मदिन को धूमधाम से मनाने की तैयारियां चल रही हैं। साज-सज्जा का दौर जारी है।

अस्पताल के प्रमुख डॉ. राजीव चौधरी ने बताया है कि स्तुति का स्वास्थ्य काफी अच्छा है, मगर आराधना वैंटिलेटर पर है इस बात से जन्मदिन मनाने का उत्साह कुछ कम है लेकिन फिर भी दोनों का जन्मदिन मनाने की तैयारियां जारी हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

डॉ. चौधरी ने बताया है कि स्तुति, आराधना के जन्मदिन समारोह में मुख्यमंत्री चौहान भी हिस्सा लेंगे। जन्मदिन को लेकर सभी में उत्साह है, सभी कर्मचारी इस अवसर को यादगार बनाने में जुटे हुए हैं।