यह ख़बर 27 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

शाही शादी के केक से बिखरेगी भारतीय खुशबू

खास बातें

  • दुनिया में भर में चर्चा का विषय बनी राजकुमार विलियम और केट मिडलेटन की शादी का केक एक भारतीय उद्यमी और उनकी ब्रिटिश पत्नी की कंपनी तैयार कर रही है।
लंदन:

दुनिया में भर में चर्चा का विषय बनी राजकुमार विलियम और केट मिडलेटन की शादी का केक एक भारतीय उद्यमी और उनकी ब्रिटिश पत्नी की कंपनी तैयार कर रही है। इस केक को पहले से ही बेहद रोमानी कहा जा रहा है। इस भारतीय उद्यमी का नाम किशोर पटेल है। 57 वर्षीय पटेल और उनकी पत्नी फियोना केंस एक कंपनी फियोना केंस लिमिटेड का संचालन करते हैं। लीसेस्टरशायर स्थित इस कंपनी को केक तैयार करने का ऑर्डर मिला है। केक बनाने के काम में भी दो भारतीय कर्मचारी शामिल हैं। गुजरात के वड़ोदरा से ताल्लुक रखने वाले पटेल ने केक और पेस्ट्री बनाने वाली अपनी कंपनी के बारे में बताया कि इसकी शुरुआत शौकिया तौर पर की गई थी। इसमें कुछ असामान्य नहीं था, लेकिन हमने तरक्की की। आज हमारी कंपनी में लगभग 90 लोग काम कर रहे हैं। केक का डिजाइन और इससे जुड़ी सामाग्री का ऑर्डर खुद दूल्हा बनने जा रहे विलियम और उनकी हमसफर केट ने दिया था। दोनों 19 अप्रैल को एकदूजे के हो जाएंगे। शादी का न्योता पटेल को भी मिला है और उनका कहना है कि वह इस मौके पर ब्रिटेन की पारंपरिक पोशाक ही पहनेंगे। पटेल की कंपनी खासी मशहूर है और अब तक कई बड़ी हस्तियों की पार्टियों-समारोहों की रौनक बढ़ा चुकी है। इनमें संगीत जगत की हस्ती सर पॉल मैककर्टनी भी शामिल हैं। यह कंपनी अब हर साल 7,50,000 केक की आपूर्ति करती है। इससे ही इस कंपनी की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फियोना केंस लिमिटेड की शुरुआत 25 साल पहले पटेल के रसोईघर से हुई थी। पटेल ने पत्नी के बेहतरीन केक बनाने के शौक को व्यवसायिक रूप देने का फैसला किया। बाद में दोनों ने मिलकर कंपनी की शुरुआत की और इसे आगे बढ़ाया। सिंधिया स्कूल-ग्वालियर से पढ़ाई करने वाले पटेल 1964 में ब्रिटेन पहुंचे। फियोना और उनकी मुलाकात विश्वविद्यालय में हुई। बाद में दोनों करीब आए और फिर हमेशा के लिए साथ हो गए। अब उनका एक बेटा हरि किशोर और एक बेटी तारा है। पूरा परिवार हर साल भारत का दौरा करता है। शाही शादी के केक के बारे में फियोना कहती हैं, यह बेहद आकर्षक होगा। यह पारंपरिक केक होगा, लेकिन इसे आधुनिक लुक दिया जाएगा। इसमें फलों का भी मिश्रण होगा। इस बारे में मैं अभी बहुत कुछ नहीं बता सकती।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com