यह ख़बर 13 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दुनिया की पसंदीदा हस्तियों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर हैं नरेंद्र मोदी से आगे

लंदन:

भारत सहित 13 देशों में किए गए एक सर्वेक्षण के नतीजे बताते हैं कि माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स दुनिया में सबसे ज़्यादा पसंद किए जाने वाले शख्स हैं, जबकि प्रख्यात भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर 30 हस्तियों की इस फेहरिस्त में पांचवें पायदान पर काबिज हैं।

'यूगॉव' (YouGov) द्वारा 'द टाइम्स' के लिए दुनिया के सबसे प्रशंसनीय लोगों (the most admired people) पर किए गए सर्वेक्षण में ग्रेट ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, रूस, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, भारत, चीन, मिस्र, नाइजीरिया और ब्राजील के लगभग 14,000 लोगों की राय जानी गई। इस सूची में शीर्ष 10 लोगों में चार भारतीय हैं, जबकि 30 लोगों में कुल सात भारतीय शामिल हैं।

इस फेहरिस्त में 40 साल के सचिन शीर्ष भारतीय के रूप में पांचवें पायदान पर मौजूद हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी सातवें स्थान पर हैं। बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन नौवें, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम 10वें, समाजसेवी अन्ना हजारे 14वें, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 18वें और मशहूर उद्योगपति रतन टाटा 30वें पायदान पर मौजूद हैं।

सूची में शीर्ष पर मौजूद बिल गेट्स के बाद दूसरे स्थान पर हैं अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा, और तीसरे स्थान पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन मौजूद हैं। चौथा स्थान हासिल हुआ है ईसाइयों के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप फ्रांसिस को, और छठे स्थान पर काबिज हुए हैं चीन के राष्ट्रपति ज़ी जिनपिंग।

इस सूची में आठवां स्थान मिला है अमेरिकी बिज़नेस टाइकून वॉरेन बफेट को, 13वें स्थान पर हैं तिब्बतियों के सर्वोच्च धर्मगुरु दलाई लामा, और 16वें स्थान पर मौजूद हैं ब्रिटेन के वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंग। ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय 17वां स्थान हासिल कर पाईं, जबकि हॉलीवुड अभिनेत्री एंजेलिना जोली 19वें स्थान पर काबिज हुईं। उल्लेखनीय है कि इस सूची में कुल छह महिलाएं शामिल हो पाईं, जिनमें महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय शीर्ष पर हैं। अन्य महिलाओं में अमेरिकी टीवी शो होस्ट ओपरा विन्फ्री 20वें स्थान पर, जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल 26वें स्थान पर, पूर्व अमेरिकी विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन 27वें स्थान पर तथा चीन की लोकगायिका तथा राष्ट्रपति की पत्नी पेंग लियुआन 28वें स्थान पर मौजूद हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

सचिन तेंदुलकर के बाद खिलाड़ियों में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान सूची में 12वें स्थान पर हैं, जबकि फुटबॉलर लॉयनल मेसी 15वें स्थान पर मौजूद हैं। अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी माइकल जोर्डन 21वें स्थान पर हैं, जबकि फुटबॉलर क्रिस्चियानो रोनाल्डो 22वें स्थान पर काबिज हैं।