यह ख़बर 06 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

मृदुभाषी लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा ताई संघर्ष में तपी सांसद हैं

नई दिल्ली:

आठ बार भाजपा की सांसद चुनी गई मृदुभाषी सुमित्रा महाजन को लोग प्यार से ताई यानी बड़ी बहन बुलाते हैं। सुमित्रा संघर्ष में तपी नेता हैं, जो कि निचले स्तर से लोकसभा अध्यक्ष के शीर्ष पद तक पहुंची हैं।
 
दिलचस्प बात है कि महिला सांसदों में सबसे वरिष्ठ सांसद 71 वर्षीय सुमित्रा महाजन का आधिकारिक नाम 16वीं लोकसभा के सांसदों की सूची में सुमित्रा महाजन ताई के तौर पर दर्ज है।
 
मीरा कुमार के बाद महाजन लोकसभाध्यक्ष बनने वाली दूसरी महिला हैं।
 
राजनीतिक जीवन की शुरुआत 39 वर्ष की आयु में करने वाली महाजन उप-महापौर बनीं और उसके बाद मध्यप्रदेश में इंदौर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गईं। वर्ष 1999 से 2004 के बीच वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में राज्य मंत्री रहीं तथा मानव संसाधन, संचार एवं प्रौद्योगिकी तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस जैसे विभिन्न मंत्रालयों का प्रभार संभाला।
 
कानून की स्नातक और कला में परास्नातक कर चुकी महाजन ने कहा, आपको क्या लगता है कि डांटने से ही सब ठीक हो सकता है। ऐसा नहीं है। मां प्रेम भी करती है और जरूरत पड़ने पर डांटती भी है। मैं भी एक मां हूं और मेरे पास मां का ह्दय है तो मैं उसी तरीके से काम करूंगी। इंदौर नगर निगम में पार्षद के तौर पर 1982 में राजनीति में पदार्पण करने वाली महाजन ने 1989 में कांग्रेस के दिग्गज और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाशचंद सेठी को एक लाख से अधिक मतों से हराकर पहली बार संसद में प्रवेश किया था। यह पूछने पर कि क्या उन्हें इतनी लंबी पारी खेलने का यकीन था, उन्होंने कहा कि यह सोचकर वह राजनीति में नहीं आई थी।
 
गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आई महाजन ने कहा, वास्तव में उस समय यह सोचकर सफर शुरू नहीं हुआ था कि मुझे कुछ करना है। पार्टी ने मेरी और मेरे कार्य की पहचान जनता से कराई। उस समय कुशाभाउ ठाकरे (पूर्व भाजपा अध्यक्ष) ने आज्ञा दी थी कि चुनाव लड़ना है और मैंने उनकी आज्ञा मानकर काम की शुरुआत की और करती गई। मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं थी। इतने साल में भाजपा में आए बदलावों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि पुराने लोगों की मेहनत का फल आज पार्टी को मिल रहा है।
 
उन्होंने कहा, भाजपा के पुराने नेताओं ने जो मेहनत की है, वह आज रंग ला रही है। उन्होंने खेत की जुताई, बुवाई इतनी परफेक्ट की है कि आज जो फसल दिख रही है, वह उनका किया हुआ काम है। हम उसकी रक्षा कर रहे हैं और कैसे ज्यादा फसल आती जाये, यह देख रहे हैं। उन्होंने कहा, अच्छी बात यह है कि भाजपा का संगठन आज भी मजबूत है और उसका फैलाव पूरे देश में हो रहा है। यह संगठन आधारित पार्टी है जो बहुत बड़ी बात है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com