यह ख़बर 09 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

दक्षिणी सूडान बना दुनिया का 193वां देश

खास बातें

  • वर्षों की हिंसा और 20 लाख से अधिक लोगों के मारे जाने के बाद सूडान से दक्षिणी हिस्सा स्वतंत्र हुआ है। जुबा में शुक्रवार देर रात से जश्न मनाया जा रहा है।
जुबा:

तेल संपदा के धनी दक्षिणी सूडान का एक नए राष्ट्र के रूप में उदय हो गया है। यह विश्व का सबसे नवीन राष्ट्र है। वर्षों की हिंसा और 20 लाख से अधिक लोगों के मारे जाने के बाद सूडान से दक्षिणी हिस्सा स्वतंत्र हुआ है। जुबा में शुक्रवार देर रात से जश्न मनाया जा रहा है। लोग सड़कों पर नाचते, नृत्य करते और ढोल बजाते देखे गए। हाथों में झंडे लिए हुए लोगों ने इस नए राष्ट्र के राष्ट्रपति सल्वा कीर मायार्डिट के पक्ष में नारेबाजी की। दक्षिणी सूडान विश्व का 193वां देश है और अफ्रीका का 54वां राष्ट्र है। इसी साल जनवरी में दक्षिणी सूडान को लेकर एक जनमत संग्रह कराया गया था। लगभग 99 फीसदी लोगों ने एक आजाद मुल्क के पक्ष में मतदान किया था। जुबा में जश्न के समारोह में कई देशों के विशिष्ठ अतिथि शिरकत कर रहे हैं। भारत की ओर से उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, सूडान के राष्ट्रपति उमर अल-बशीर और संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून मुख्य अतिथियों में शामिल हैं। सूडान ने बीती शाम दक्षिणी सूडान को एक अलग राष्ट्र के रूप में मान्यता दे दी। राष्ट्रपति से जुड़े मामलों के मंत्री बक्री हसन सालेह ने एक बयान में कहा, सूडान सरकार इस बात का ऐलान करती है कि दक्षिणी सूडान को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता दी जाती है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com