यह ख़बर 13 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मप्र में भाजपा नेताओं ने किया धुआंधार प्रचार

भोपाल:

मध्य प्रदेश में बुधवार को राजनीतिक माहौल भारतीय जनता पार्टी के रंग में रंगा नजर आया और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने कई विधानसभा क्षेत्रों में धुआंधार प्रचार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का जमकर गुणगान करते हुए कमल को जिताने की अपील की गई।

विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान का श्रीगणेश किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने खण्डवा और धार में चुनावी जनसभा में कहा कि कांग्रेस ने गत लोकसभा चुनाव में जो वादे किए थे उन पर खरी नहीं उतरी है। प्रदेश की जनता अपने को छला हुआ मान रही है। कांग्रेस की इस विफलता के लिए जनता कांग्रेस को दंडित करेगी।

राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह महंगाई के मोर्चे पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए चुटकी ली कि वे जिस बात पर चर्चा करते हैं अगले दिन वही उत्पाद या तो बाजार से गायब हो जाता है या उसके दाम बढ़ जाते हैं। आलू, प्याज, टमाटर से लेकर दैनिक उपभोग की चीजों के दाम बढ़ रहे हैं और केन्द्र सरकार अपनी विफलता का ठीकरा राज्य सरकारों पर फोड़कर दोषमुक्त होना चाहती है, लेकिन जनता कांग्रेस की इस खुदगर्जी और मनमानी को भलीभांति समझती है।

सिंह ने धार में पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आव्हान करते हुए कहा कि मतदाता पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल पर ध्यान दें और कमल को प्रत्याशी मानकर कमल का बटन दबाकर पार्टी को विजय दिलाएं।

पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वेंकैया नायडू ने इंदौर के देपालपुर, महू और इंदौर क्रमांक दो में जनसभाओं में कहा कि देश मंहगाई, भ्रष्टाचार और असुरक्षा के दुष्चक्र में फंसा हुआ है, जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। यह सब केंद्र की संप्रग सरकार की नीतियों के कारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव होंगे और हमें केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के हाथ में सत्ता सौंपना है, जिससे देश समस्याओं से निजात पा सके। मध्यप्रदेश के बाद देश को कांग्रेसमुक्त बनाना है।

सुषमा स्वराज ने जबलपुर जिले के पनागर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले 10 सालों में प्रदेश को बीमारू राज्य से विकासशील राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है। भाजपा विकास की राजनीति करती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर वर्ग और हर क्षेत्र को ध्यान में रखकर विकासोन्मुखी योजनाएं बनाई जिससे जनता को राहत मिली और प्रदेश विकास के पथ पर बढ़ रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष अरुण जेटली ने भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडीदीप में कहा कि आजादी के बाद से बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश जैसे राज्य अपने पिछड़ेपन के कारण अर्थशास्त्रियों की भाषा में बीमारू राज्य घोषित कर दिए गए थे और बीमारू राज्य के तमगे को कांग्रेस की सरकारें ढोती चली आ रही थी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 2003 में भाजपा को जनादेश मिला और भाजपा की गतिशील नीतियों ने अपने अल्पकाल में ही राज्य को बीमारू राज्य से देश का तीव्र गति से विकास करने वाला राज्य बना दिया। इसके लिए भाजपा और उसका नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बधाई के पात्र हैं।

अरुण जेटली ने केन्द्र की कांग्रेसनीत संप्रग सरकार को सभी मोर्चो पर विफल बताते हुए कहा कि उसने महंगाई और भ्रष्टाचार के दुखद मानक बनाकर देश की जनता को हलकान किया है। आर्थिक घोटाला और भ्रष्टाचार में देश को कांग्रेस के कारण शर्मसार होना पड़ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को 64 करोड़ रुपये के बोफोर्स घोटाले में सत्ता गंवानी पड़ी थी। डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार लाखों करोड़ रुपये के घोटाले में कटघरे में खड़ी है उसे जनता माफ नहीं करेगी।

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने सतना, रीवा सिंगरौली में जनसभाओं में कहा कि जिन बुनियादी मुद्दों पर मैंने चुनाव लड़ा था उन्हीं विकास के मुद्दों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने आगे बढ़ाया है। कांग्रेस दूर-दूर तक मैदान में दिखाई नहीं देती, कांग्रेस की हालत बीमार है। उन्होंने कहा कि 2003 के पहले मध्यप्रदेश की दुर्गति के लिए कांग्रेस और मिस्टर बंटाधार जिम्मेदार है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अनंत कुमार, राजीव प्रताप रुडी सहित अनेक नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित किया।