यह ख़बर 08 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

मप्र : अंतिम दिन भरे गए 12 सौ से ज्यादा नामांकन

भोपाल:

मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नामांकन पत्र भरने के अंतिम दिन 1218 नामांकन पत्र भरे गए। इस तरह राज्य की 230 विधानसभा क्षेत्रों से कुल 3228 नामांकन भरे गए हैं। अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के तौर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विदिशा से और कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने भोजपुर से नामांकन भरा।
 
राज्य में एक ही चरण में 25 नवंबर को मतदान होना है। चुनाव प्रक्रिया के तहत एक से आठ नवंबर तक नामांकन भरे जाने का क्रम चला। भाजपा ने मुख्यमंत्री शिवराज को बुदनी के साथ विदिशा से चुनाव लड़ाने का फैसला किया। शिवराज ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज की मौजूदगी में विदिशा से नामांकन भरा। वहीं, कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने भोजपुर से नामांकन भरा।  

राज्य के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर के महू विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र भरा। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी अनंत कुमार मौजूद थे। उन्होंने कहा कि महू में विजयवर्गीय ने कई विकास कार्य किए हैं। इसी तरह जबलपुर कैंट से भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय ईश्वर दास रोहाणी के पुत्र अशोक रोहाणी ने नामांकन भरा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नामांकन पत्र भरने के अंतिम दिन 1218 नामांकन भरे गए। गुरुवार तक कुल 2110 नामांकन भरे गए थे। इस तरह राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए कुल 328 नामांकन भरे गए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

दोनों प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस गुरुवार की रात अपनी-अपनी अंतिम सूची जारी कर सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दोनों ही दलों में टिकट वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विरोध और पार्टी छोड़ने का सिलसिला बना हुआ है।