यह ख़बर 20 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

कांग्रेसी दोनों हाथ से लूटते हैं : नरेंद्र मोदी

शहडोल:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कांग्रेसी सत्ता में आने से पहले एक हाथ हिलाते हैं और सत्ता में आने पर दोनों हाथों से लूटने लगते हैं।

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने आए मोदी ने शहडोल की सभा में कहा कि दिल्ली में ऐसी सरकार है, जिसके राज में गरीबों के पेट लुटे, नौजवानों के सपने लुटे और बहू बेटियों की इज्जत नहीं बची। पूरे देश में तबाही का मंजर है।

मोदी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान दिए गए उस बयान पर भी चुटकी ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि जनजाति परिवार का बच्चा भी विमान में उड़ना चाहता है। मोदी ने कहा, शहजादे कह रहे थे कि जनजाति नौजवान विमान में उड़ना चाहता है। कांग्रेस 50 साल से देश चला रही है , अगर उनके लिए विज्ञान की कक्षाएं ही चला दी होती तो जनजातीय नौजवान विमान में बैठने की नहीं सोचता बल्कि विमान बनाकर चलता।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मोदी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हर वर्ग के हित की योजनाएं चलाई है। वहीं कांग्रेस वह दल है, जो गरीबों का मजाक उड़ा रही है।